झड़प में नौसेरा सीट के भाजपा उम्मीदवार घायल

शनिवार, 20 दिसंबर 2014 (11:36 IST)
जम्मू। जम्मू और कश्मीर के राजौरी जिले में शुक्रवार रात पीडीपी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प मे नौसेरा विधानसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी रवींद्र रैना समेत पांच लोग घायल हो गए।
 
सूत्रों ने बताया कि नौसेरा के लाम्बारी क्षेत्र से रैना का काफिला गुजर रहा था, उसी दौरान पीडीपी कार्यकर्ताओं ने उस पर कथित रूप से हमला किया। इस घटना में तीन भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रैना पर भी हमला हुआ।
 
बाद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पलटवार किया और संघर्ष में दो पीडीपी कार्यकर्ता घायल हो गए।
 
राजौरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहम्मद हसीब ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा, ‘भाजपा और पीडीपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई जिसमें तीन भाजपा और दो पीडीपी कार्यकर्ता घायल हो गए। उनमें भाजपा उम्मीदवार रवींद्र रैना भी शामिल हैं।’
 
उन्होंने बताया कि रैना अस्पताल में भर्ती कराए गए। पुलिस इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेगी। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें