पेमा खांडू ने CM पद की शपथ ली, तीसरी बार संभाली अरुणाचल प्रदेश की कमान

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 13 जून 2024 (11:55 IST)
Pema Khandu oath taking ceremony : भाजपा के नेता पेमा खांडू ने गुरुवार को लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। खांडू के साथ 11 अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
 
मुक्तो विधानसभा क्षेत्र से विधायक खांडू को राज्यपाल के टी परनाइक ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और कई अन्य नेताओं की मौजूदगी में शपथ दिलाई।
 
भाजपा ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 46 सीट पर जीत हासिल कर लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश की सत्ता में वापसी की है।
 
कौन हैं पेमा खांडू : मोनपा जाति से आने वाले पेमा खांडू अरूणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दोरजी खांडू के बेटे हैं। हिंदू कॉलेज (दिल्ली विश्वविद्यालय) से उन्होंने स्नातक किया हैं। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं।
 
2005 में वे अरूणाचल कांग्रेस में सचिव बने। 2010 में उन्हें तवांग जिला कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया। अपने पिता की मृत्यु के बाद, खांडू को जल संसाधन विकास और पर्यटन मंत्री के रूप में राज्य सरकार में शामिल किया गया। उन्होंने 30 जून 2011 को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में अपने पिता के निर्वाचन क्षेत्र मुक्तो के लिए निर्विरोध उपचुनाव जीता।
 
जुलाई 2016 में मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद से, उन्होंने और उनकी सरकार ने दो बार अपनी पार्टी की संबद्धता बदली है। सितंबर में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल और फिर दिसंबर 2016 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी