झारखंड में हिंदुओं और आदिवासियों की जनसंख्या घट रही : नरेंद्र मोदी

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 3 अक्टूबर 2024 (01:13 IST)
PM Modi's visit to Jharkhand : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि झारखंड में हिंदुओं और आदिवासियों की जनसंख्या घट रही है और उन्होंने झामुमो नीत गठबंधन सरकार पर राज्य की पहचान, संस्कृति और विरासत की कीमत पर घुसपैठियों का समर्थन करके वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया।
 
उन्होंने कहा कि माटी, बेटी, रोटी को बचाने के लिए अब ऐसी ताकतों को बाहर करने का समय आ गया है। मोदी ने भाजपा की परिवर्तन यात्रा के समापन के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, झारखंड में बेटी, माटी, रोटी की रक्षा करने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए परिवर्तन का समय आ गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाला गठबंधन एक खतरनाक खेल खेल रहा है, जो घुसपैठियों को संरक्षण देते हुए लोगों की पहचान, संस्कृति और परंपराओं को खतरे में डाल रहा है।
 
परिवर्तन यात्रा सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरी और इसने लगभग 5,400 किलोमीटर की दूरी तय की। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि झामुमो नीत गठबंधन ऐसे लोगों द्वारा चलाया जा रहा है जो झारखंड की पहचान, संस्कृति और विरासत को मिटाना चाहते हैं। मोदी ने कहा, झामुमो और कांग्रेस में बैठे उनके आका झारखंड में आदिवासी समुदाय को अल्पसंख्यक बनाना चाहते हैं। उन्होंने हमेशा आदिवासी समाज के साथ विश्वासघात किया है और उन्हें कभी आगे बढ़ते नहीं देख सकते।
ALSO READ: Jharkhand Elections : चिराग पासवान का ऐलान, झारखंड में चुनाव लड़ेगी लोजपा
उन्होंने सत्तारूढ़ गठबंधन पर आरोप लगाया कि वह सत्ता में बने रहने के लिए राज्य में नया वोट बैंक तैयार कर रहा है। मोदी ने कहा, वे सत्ता हासिल करने के लिए झारखंड का बलिदान देना चाहते हैं। संथाल परगना इस खतरनाक खेल का प्रमाण है, जहां आदिवासी आबादी घट रही है, जबकि बांग्लादेशी घुसपैठियों की संख्या बढ़ रही है। क्या आप झारखंड की जनसांख्यिकी में इस बदलाव और हिंदुओं और आदिवासियों की आबादी में गिरावट को स्वीकार करते हैं?
 
उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठिए आदिवासी लोगों की जमीन हड़प रहे हैं और उनकी बेटियों को निशाना बना रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, स्थिति ऐसी हो गई है कि जहां उच्च न्यायालय इस बात को लेकर चिंता व्यक्त कर रहा है, वहीं सरकार घुसपैठ से इनकार करने के लिए हलफनामा दायर कर रही है। मोदी ने आबकारी कांस्टेबल की भर्ती के दौरान कई अभ्यर्थियों की मौत का हवाला देते हुए गठबंधन के असंवेदनशील रुख की आलोचना की।
ALSO READ: दुनिया का सबसे सफल जन आंदोलन बना स्वच्छ भारत अभियान : नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री ने झामुमो के सहयोगी दलों कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, देश में आदिवासी प्रतीकों की अनदेखी की गई। कांग्रेस ने एक परिवार की पहचान बचाने के लिए आदिवासियों की पहचान मिटा दी। कांग्रेस ने कभी भी आदिवासी समुदायों को महत्व नहीं दिया, जिन्होंने आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने सभी योजनाओं, सड़कों और भवनों का नाम एक ही परिवार के सदस्यों के नाम पर रखा है। उन्होंने दावा किया कि इस तरह की वंशवादी सोच ने देश को बहुत नुकसान पहुंचाया है। मोदी ने कहा कि भाजपा ने आदिवासी नायकों की गरिमा को बहाल किया है और आदिवासी नेता बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में घोषित किया है।
ALSO READ: 10 बड़ी बातें जो नरेंद्र मोदी को बनाती हैं सबसे अलग
कांग्रेस को दलित और आदिवासी विरोधी बताते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि उसने अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदायों को प्रगति करने से रोकने के लिए नीतियां बनाईं। उन्होंने कहा, कांग्रेस एससी, एसटी, ओबीसी आरक्षण छीनकर इसे अपने वोट बैंक को सौंपना चाहती है, लेकिन मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि कोई भी आपके अधिकारों को नहीं छीन सकता। भाजपा इसकी रक्षा करेगी।
 
राजद पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया कि उसका झारखंड विरोधी रुख शुरू से ही स्पष्ट था क्योंकि वह अलग राज्य के गठन का विरोध कर रहा था। उन्होंने कहा, राजद ने झारखंड को लूट के अड्डे में बदल दिया है क्योंकि इसने जल, जंगल और जमीन को लूटा है। इसने झारखंड को अपराधियों और गुंडों का सुरक्षित ठिकाना बना दिया है। इस अपराध में कांग्रेस भी उसकी साझेदार है।
 
मोदी ने आरोप लगाया कि झामुमो नीत गठबंधन ने न केवल झारखंड में विकास को पटरी से उतार दिया बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ किया। उन्होंने कहा कि यह राज्य के विकास में सबसे बड़ी बाधा है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड में जमीन दलालों का शासन है, जहां सेना की जमीन को भी नहीं छोड़ा गया तथा खदानों और खनिजों की लूट की जा रही है।
ALSO READ: रूस और यूक्रेन के बीच मध्‍यस्थता कर सकते हैं नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि यहां ‘तबादले और पोस्टिंग’ एक उद्योग बन गया है जबकि 'अबुआ आवास योजना' और 'मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना' जैसी सभी नई योजनाएं भ्रष्टाचार का जरिया बन गई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि झामुमो-कांग्रेस ‘घोटालों की मैराथन’ में व्यस्त हैं जबकि ‘पेपर लीक’ ने छात्रों का भविष्य खराब कर दिया है।
 
मोदी ने आरोप लगाया कि झामुमो नीत गठबंधन सरकार गरीबों का राशन-पानी हड़प रही है और केंद्रीय धन का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा, मैं गारंटी देता हूं कि भाजपा सरकार न केवल अपनी 'माटी, बेटी और रोटी' की रक्षा करेगी बल्कि राज्य को विकास के पथ पर ले जाएगी।
 
प्रधानमंत्री ने कहा, झूठ की दुकान हमेशा नहीं चल सकती। झामुमो झूठ की जलेबी परोस रहा है। लगभग एक पखवाड़े में मोदी की झारखंड की यह दूसरी यात्रा है, जहां 81 सदस्‍यीय विधानसभा के लिए चुनाव होने हैं और मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल पांच जनवरी को समाप्त होगा।
ALSO READ: CM धामी ने झारखंड में गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां, जानिए क्या बोले?
अपने आगमन पर मोदी ने एक विशेष खुले वाहन से भीड़ का अभिवादन किया और आदिवासी समुदाय के सदस्यों से बातचीत की। महिलाओं ने उन्हें ‘माटी, बेटी, रोटी’ की रक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के प्रतीक के रूप में ‘परिवर्तन यात्रा’ के दौरान एकत्र की गई मिट्टी से भरा एक कलश भेंट किया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 20 सितंबर को साहिबगंज से भाजपा की परिवर्तन यात्रा की शुरुआत की थी। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी