यूक्रेन में एक और भारतीय छात्र की मौत, सूमी में फंसे 600 विद्यार्थी

बुधवार, 2 मार्च 2022 (17:14 IST)
नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच जारी घमासान के बीच यूक्रेन में एक और भारतीय छात्र की मौत हो गई। चंदन जिंदल नामक इस छात्र की मौत ब्रेन में इस्केमिया स्ट्रोक के कारण हुई। दूसरी ओर, यूक्रेन के 8 लाख 36 हजार लोग हमले के डर से पलायन कर गए हैं। 
 
जानकारी के मुताबिक यूक्रेन के विन्नित्सिया शहर के मेमोरियल मेडिकल यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले चंदन जिंदल (22) बीमार पड़ गए थे। ब्रेन में इस्केमिया स्ट्रोक से पीड़ित होने के बाद उन्हें शहर के ही एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। बुधवार को चंदन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चंदन पंजाब के बरनाला के रहने वाले थे। 
 
सूमी में फंसे 600 भारतीय छात्र : यूक्रेन के उत्तरी-पूर्व हिस्से में स्थित शहर 'सूमी' के एक विश्वविद्यालय में 600 से अधिक भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। इन छात्रों को उम्मीद है कि वे जल्द ही यहां सुरक्षित निकल जाएंगे। ये छात्र रूसी सेना के लगातार हमले से काफी डरे हुए हैं। 
 
वायुसेना जुटी मुहिम : भारतीय छात्रों को यूक्रेन से लाने के लिए वायुसेना ने मोर्चा संभाल लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश के बाद वायुसेना ने अपने सी-17 विमान को यूक्रेन में फंसे लोगों की वापसी के लिए भेजा है। ये विमान 'ऑपरेशन गंगा' के तहत भारतीय छात्रों और नागरिकों को युद्धग्रस्त क्षेत्र से वापस लाएंगे।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी