कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय पहलवानों का जलवा

शुक्रवार, 1 अगस्त 2014 (23:41 IST)
FILE
ग्लास्गो। सुशील कुमार और योगेश्वर दत्त की अगुवाई में भारतीय पहलवानों ने अपेक्षाओं पर खरे उतरते हुए 20वें राष्ट्रमंडल खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन करके 13 पदक जीते जिनमें पांच स्वर्ण शामिल हैं।

लंदन ओलिंपिक के कांस्य पदक विजेता सुशील (पुरुषों का 74 किलो फ्रीस्टाइल), योगेश्वर दत्त (पुरुष 65 किलो) ने अपने अपने वर्ग में स्वर्ण जीता, वहीं अमित कुमार (57 किलो), विनेश फोगाट (महिला 48 किलो) और बबीता कुमारी (महिला 55 किलो) ने भी पीला तमगा अपने नाम किया।

पांच स्वर्ण के अलावा भारत ने छ: रजत और दो कांस्य भी जीते। ग्लास्गो खेलों की कुश्ती स्पर्धा में भारतीय दल ने सबसे ज्यादा पदक अपने नाम किए। हालांकि कनाडा (12 पदक) के हिस्से में सात स्वर्ण आए।

स्पर्धा के दूसरे दिन अगर चार भारतीय फाइनल में नहीं हारते तो स्वर्ण पदकों की संख्या अधिक होती। भारतीय पहलवानों ने पहले ही दिन सुशील की अगुवाई में स्वर्ण पदकों की हैटट्रिक लगाई। अमित और विनेश ने स्वर्ण पदकों की संख्या को आगे बढ़ाया जबकि राजीव तोमर को 125 किलोवर्ग में रजत से संतोष करना पड़ा। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें