गौड़ा ने एथलेटिक्स, योगेश्वर और बबीता ने कुश्ती में जीते स्वर्ण

शुक्रवार, 1 अगस्त 2014 (09:51 IST)
FILE
ग्लास्गो। भारत के विकास गौड़ा ने पुरुषों की चक्का फेंक स्पर्धा जीतकर भारत को 20वें राष्ट्रमंडल खेलों में एथलेटिक्स में पहला स्वर्ण दिलाया जबकि कुश्ती में ओलंपिक कांस्य पदक विजेता योगेश्वर दत्त और बबीता कुमारी ने पीले तमगे जीते।

अमेरिका में बसे 31 बरस के गौड़ा ने बारिश के बीच 63.64 मीटर का थ्रो फेंककर स्वर्ण जीता हालांकि यह उनके सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन 66.28 मीटर से काफी कम था। दिल्ली में रजत पदक जीतने वाले गौड़ा ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन तीसरे प्रयास में किया जो उन्हें पीला तमगा दिलाने के लिए काफी था।

भारत का आज के दिन यह तीसरा स्वर्ण था। इससे पहले कुश्ती में योगेश्वर और बबीता ने पीला तमगा जीता। योगेश्वर ने पुरुषों के 65 किलो फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण जीता जबकि बबीता ने महिलाओं के 55 किलो वर्ग में पीला तमगा हासिल किया। गीतिका जाखड़ (63 किलो) को हालांकि रजत से ही संतोष करना पड़ा। पुरुषों के 86 किलो फ्रीस्टाइल वर्ग में पवन कुमार ने कांस्य पदक जीता।

जिम्नास्टिक में दीपा करमाकर ने वाल्ट स्पर्धा में कांस्य जीतकर इतिहास रच दिया । जिम्नास्टिक में करमाकर ने पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला जिम्नास्ट बन गयीं। त्रिपुरा की 20 वर्षीय दीपा ने महिला वाल्ट के फाइनल में 14.366 अंक से तीसरा स्थान हासिल किया।

भारत अब कुल 47 पदक (13 स्वर्ण, 20 रजत और 14 कांस्य) जीतकर न्यूजीलैंड को पछाड़कर तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। न्यूजीलैंड के भी 13 स्वर्ण है लेकिन उसके कुल पदकों की संख्या 39 ही है। इंग्लैंड 118 पदक लेकर शीर्ष पर है जबकि ऑस्ट्रेलिया 111 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है। कनाडा तीसरे और स्काटलैंड चौथे स्थान पर है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें