101 साल की मन कौर में जवानों जैसा जोश...

सोमवार, 24 अप्रैल 2017 (18:46 IST)
ऑकलैंड। भारतीय एथलीटी मन कौर 101 साल की उम्र में भले ही 'परनानी' बन चुकीं हों लेकिन उनमें आज भी दौड़ के प्रति आकर्षण और जोश बरकरार है। इसका ताजा प्रमाण उनका ऑकलैंड में मास्टर्स गेम्स में भाग लेना और 100 मीटर रेस में हिस्सा लेकर उसे जीतकर इतिहास बनाने का कारनामा उन्होंने अपने नाम दर्ज किया है। मन कौर का यह 17वां स्वर्ण पदक है।  
 
मन कौर ने 1 मिनट 14 सेकंड का समय लेकर 100 मीटर रेस पूरी की। यहां स्टेडियम में बैठे दर्शकों ने कौर की हौसला अफजाई की, जिन्होंने फिनिश लाइन से कुछ दूरी पर और भी तेजी दिखाई। हालांकि 100 वर्ष की आयु वाले वर्ग में हिस्सा लेने वाली वह एकमात्र एथलीट थीं।         
 
न्यूजीलैंड मीडिया ने भी मन कौर की इस रेस में हिस्सा लेने और कम समय में इसे पूरा करने पर उनकी प्रशंसा की है। चंडीगढ़ की मन कौर ने पंजाबी में बात करते हुए जीत के बाद पत्रकारों से कहा  कि मुझे बहुत बहुत मजा आया। मैं यहां दोबारा भागने आऊंगी और मैं यहां रूकने वाली नहीं हूं।
 
मन कौर 8 वर्ष पहले यानी 93 साल की उम्र में ही एथलेटिक्स से जुड़ी हैं। मेडिकल जांच के बाद बुजुर्ग धाविका को रेस में हिस्सा लेने की अनुमति दी गई थी। कौर और उनके बेटे भी दुनियाभर में कई मास्टर्स एथलेटिक्स स्पर्धाओं में हिस्सा ले चुके हैं। वह अब तक 17 स्वर्ण जीत चुकी हैं और 200 मीटर रेस में भी हिस्सा लेना चाहती हैं।
 
मास्टर्स गेम की 100 मीटर रेस जीतने के के बाद मन कौर को उनके परिवार के सदस्यों ने बधाई दी। सबने उन्हें घेर लिया और इस उम्र में दौड़ में हिस्सा लेने की प्रशंसा करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। स्वर्ण पदक पहनाए जाने के पूर्व परिजनों ने उनके गले में तिरंगा ध्वज भी डाल दिया। (वेबदुनिया/एजेंसी) 

वेबदुनिया पर पढ़ें