टोक्यो ओलंपिक क्वालीफिकेशन के लिए 29 जून 2021 नई समय सीमा

शुक्रवार, 3 अप्रैल 2020 (22:47 IST)
लुसाने। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफिकेशन की नई समय सीमा 29 जून 2021 तय की है। 
 
कोरोना वायरस महामारी के कारण ओलंपिक एक साल के लिए स्थगित किए गए हैं। सभी राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्षों, महासचिवों और अभियान प्रमुखों को भेजे गए पत्र में आईओसी निदेशक (एकजुटता और एनओसी संबंध) जेम्स मैकलियोड ने यह जानकारी दी। 
 
2 अप्रैल को लिखे पत्र में संशोधित खेल प्रविष्टियों की समय सीमा 5 जुलाई 2021 तय की गई है।
 
मैकलियोड ने लिखा, ‘क्वालीफिकेशन की नई समय सीमा 29 जून 2021 है। अंतरराष्ट्रीय महासंघ अपनी क्वालीफिकेशन अवधि तय कर सकते हैं जो इससे पहले की होनी चाहिए।’ 
 
उन्होंने कहा, ‘हम समझते हैं कि इस समय तारीखों और स्थानों को लेकर ब्यौरा नहीं दिया जा सकता। कोरोना वायरस के प्रभाव और इससे संबंधित पाबंदियों पर स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही जानकारी दी जा सकेगी।’ 
 
उन्होंने यह भी कहा कि जिन खेलों में कोटा रैंकिंग पर निर्भर करता है, अंतरराष्ट्रीय महासंघों को नई रैंकिंग समय सीमा निर्धारित करने का पूरा अधिकार होगा। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी