देश की पहली महिला खिलाड़ी जिसके नाम पर होगा हॉकी स्टेडियम, रानी रामपाल ने किया ट्वीट

मंगलवार, 21 मार्च 2023 (16:29 IST)
नई दिल्ली: मॉडर्न कोच फैक्टरी (एमसीएफ) रायबरेली ने हॉकी में भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल के योगदान का सम्मान करते हुए अपने हॉकी स्टेडियम का नाम “रानी गर्ल्स हॉकी टर्फ” रख दिया है। रानी ने मंगलवार को ट्वीट करके इसकी पुष्टि की।

रानी अपने नाम का स्टेडियम पाने वाली पहली महिला हॉकी खिलाड़ी हैं। उन्होंने स्टेडियम की तस्वीरें साझा करते हुए ट्वीट किया, “मेरी खुशी और आभार व्यक्त करने के लिये शब्द बहुत कम लगते हैं। एमसीएफ रायबरेली ने हॉकी में मेरे योगदान का सम्मान करने के लिये हॉकी स्टेडियम का नाम बदलकर 'रानी गर्ल्स हॉकी टर्फ' कर दिया है।”

Words seem too less to express my happiness and gratitude as I share that the MCF Raebareli has renamed the hockey stadium to “Rani’s Girls Hockey Turf “to honour my contribution to hockey. pic.twitter.com/sSt59EwDJA

— Rani Rampal (@imranirampal) March 20, 2023
स्टार खिलाड़ी ने एमसीएफ के अन्य अधिकारियों के साथ स्टेडियम का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों से मुलाकात की।उन्होंने कहा, “यह मेरे लिये गर्व और भावनात्मक क्षण है क्योंकि मैं अपने नाम पर स्टेडियम पाने वाली पहली महिला हॉकी खिलाड़ी बन गयी हूं। मैं इसे भारतीय महिला हॉकी टीम को समर्पित करती हूं और मुझे उम्मीद है कि यह महिला हॉकी खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी को प्रेरित करेगा।”

रानी ने हाल ही में भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टीम में वापसी की थी, जबकि इससे पहले उन्होंने अपना पिछला मुकाबला महिला हॉकी प्रो लीग 2021-22 में बेल्जियम के खिलाफ खेला था।

भारत के लिये 250 से ज्यादा मैच खेल चुकीं रानी ने 2008 में भारत के लिये पदार्पण किया था। भारत ने उनकी कप्तानी में टोक्यो ओलंपिक 2020 में चौथा स्थान हासिल किया था, हालांकि उसके बाद वह चोट के कारण विश्व कप और राष्ट्रमंडल खेल 2022 में हिस्सा नहीं ले सकी थीं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी