भारत ने पांच स्वर्ण सहित 14 पदक जीते

मंगलवार, 23 मई 2017 (21:03 IST)
बैंकाक। भारत ने दूसरी एशियाई युवा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पांच स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य सहित कुल 14 पदक जीतकर पदक तालिका में तीसरा स्थान हासिल किया। एशियाई खेल महाशक्ति चीन ने 16 स्वर्ण, नौ रजत और पांच कांस्य सहित कुल 30 पदक जीतकर तालिका में पहला स्थान पाया। चीनी ताइपे ने छ: स्वर्ण सहित 15 पदक जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया।
 
प्रतियोगिता के अंतिम दिन मंगलवार को गुरविंदरसिंह, पलेंदर कुमार, मनीष और अक्षय नैन की चौकड़ी ने मेडले रिले में एक मिनट 55.71 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। भारत ने भाला फेंक में रजत और कांस्य पदक भी जीता। रोहित यादव ने 74.30 मीटर की थ्रो के साथ रजत और अविनाश यादव ने 70.09 मीटर तक की थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता।
 
इससे पहले हरियाणा के अभय गुप्ता और साहिल सिलवाल ने सोमवार को डिस्कस थ्रो में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया था। अभय ने 56.47 मीटर तक गोला फेंककर स्वर्ण जीता और ईरान के साजिद हसन का 53.06 मीटर का रिकॉर्ड तोडा। साहिल ने 54.58 मीटर की थ्रो के साथ रजत जीता। हरियाणा के संजय कुमार ने 10000 मीटर पैदल चाल का स्वर्ण 45:30.39 मिनट में जीता। भारत को अन्य स्वर्ण पदक गुरिंदरवीर सिंह ने 100 मीटर में 10.77 सेकंड का समय निकालकर और अभिषेक मैथ्यू ने 800 मीटर में एक मिनट 54.991 सेकंड का समय निकालकर दिलाए थे। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें