चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया ने मैच हारकर भी जीता दिल...

शनिवार, 18 जून 2016 (15:23 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर मशहूर खेल हस्तियों ने भारतीय हॉकी टीम के दमदार प्रयास की सराहना की जिससे वह लंदन में चैंपियंस ट्रॉफी में ऐतिहासिक रजत पदक जीतने में सफल रही।
 
भारतीय टीम ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से विवादोंभरे फाइनल में पेनल्टी शूटआउट में 1-3 से हारने के बाद रजत पदक हासिल किया।
 
प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि हमारी हॉकी टीम को चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई हो। उनका प्रयास बेहतरीन था। हमें अपनी टीम पर गर्व है। शूटआउट में केवल हरमनप्रीत सिंह ही गोल कर सके जबकि एसके उथप्पा, एसवी सुनील और सुरेंद्र कुमार चूक गए।
 
भारत के महान क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और वीवीएस लक्ष्मण ने भी टीम के प्रदर्शन की सराहना की। सहवाग ने कहा कि हॉकी इंडिया ने बेहतरीन प्रयास किया। टीम भले ही फाइनल में पेनल्टी शूटआउट में हार गई लेकिन टीम ने हमारा दिल जीत लिया। 
 
लक्ष्मण ने ट्वीट किया कि भारतीय हॉकी टीम को बधाई जिसने शानदार फाइनल खेला। भविष्य के मैचों के लिए शुभकामनाएं! (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें