सिंबु-कितुर ने जीती मुंबई मैराथन

रविवार, 15 जनवरी 2017 (16:45 IST)
मुंबई। तंजानिया के अल्फांसे सिंबु और केन्या की बोर्नेस कितुर ने यहां हुई स्टैंडर्ड चार्टड मुंबई मैराथन का क्रमश: पुरुष एवं महिला का खिताब रविवार को अपने नाम कर लिया। 42 किलोमीटर की दौड़ में सिंबु ने दो घंटे नौ मिनट और 32 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता तो वहीं केन्या के ही जेशुआ किरकोरिर ने दो घंटे नौ मिनट और 50 सेकंड का समय निकालकर दूसरा और इलियुड बार्बगेतुनी ने दो घंटे 10 मिनट और 39 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। 
मुंबई मैराथन को सुबह 7 बजकर 20 मिनट पर दक्षिणी मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनस से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। महिला वर्ग में केन्या की कितुर ने दो घंटे 29 मिनट और 2 सेकंड के समय के साथ एलीट वर्ग का खिताब जीता। यूथोपिया की चालतु तफा ने 2 घंटे 33 मिनट और 03 सेकेंड के साथ दूसरा और उनकी प्रतिद्वंद्वी तिगिस्त गिरमा ने दो घंटे 33 मिनट और 19 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया।  
 
भारतीयों में ओलंपियन खेता राम ने दो घंटे 19 मिनट और 51 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा बहादुरसिंह ने 2 घंटे 19 मिनट 57 सेकंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया तो मणिपुर के संजीत लुवांग ने दो घंटे 21 मिनट 19 सेकंड के साथ तीसरे नंबर रहे। भारतीय महिलाओं में महाराष्ट्र की ज्योति गावते ने दो घंटे 50 मिनट और 53 सेकंड के समय के साथ पहला, पश्चिम बंगाल की श्यामली सिंह तीन घंटे आठ मिनट और 41 सेकंड का समय निकालकर दूसरा और मुंबई मैराथन में पहली बार भाग ले रहे लद्दाख की जिग्मेत डोलमा ने तीन घंटे 14 मिनट और 38 सेकेंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
 
हॉफ मैराथन (21.097 किलोमीटर) के पुरुष वर्ग में जी, लक्ष्मणन और महिला वर्ग में मोनिका अथारे ने जीत हासिल की। पुरुष वर्ग में लक्ष्मण ने एक घंटे पांच मिनट और पांच सेकंड के साथ पहला, सचिन पाटिल ने एक घंटे छ: मिनट और 22 सेकंड के साथ दूसरा तथा दीपक कुंभर ने एक घंटे छ: मिनट और 28 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया, वहीं महिलाओं की हाफ मैराथन में मोनिका अत्रे प्रथम, मिनाक्षी पाटिल यांनी दूसरे और अनुराधा सिंह तीसरे नंबर पर रही। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें