एथलेटिक्स में 20 किमी पैदल चाल के साथ अभियान शुरू करेगा भारत

शनिवार, 7 अप्रैल 2018 (23:11 IST)
गोल्ड कोस्ट। पिछले खेलों की तुलना में अपने पदकों की संख्या में इजाफा करने के लक्ष्य के साथ भारत 21वें राष्ट्रमंडल खेलों की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अपने अभियान की शुरुआत शुक्रवार को यहां पुरुष और महिला 20 किमी पैदल चाल स्पर्धा के साथ करेगा।


भारत ने 2014 ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में 1 स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीता था और देश के एथलीटों की नजरें इस बार पदकों की संख्या में इजाफा करने पर हैं। भाला फेंक के खिलाड़ी नीरज चोपड़ा और ऊंची कूद के युवा खिलाड़ी तेजस्विन शंकर अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं। पुरुष 20 किमी पैदल चाल को पहली बार 1998 खेलों में शामिल किया गया था, जब महिला स्पर्धा को पहली बार 2002 में राष्ट्रमंडल खेलों में जगह मिली।

इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले एकमात्र भारतीय हरमिंदर सिंह हैं जिन्होंने 2010 दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीता था। इस स्पर्धा में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा रहा है जबकि इंग्लैंड और कीनिया के खिलाड़ी भी पदक जीतने में सफल रहे हैं। ग्लास्गो खेलों में पुरुष और महिला 20 किमी दोनों ही स्पर्धाएं खेलों का हिस्सा नहीं थीं। अगर भारतीय फरवरी में हुई राष्ट्रीय चैंपियनशिप के प्रदर्शन को दोहराते हैं, तो पुरुष और महिला 20 किमी पैदल चाल स्पर्धा दोनों में पदक के दावेदार होंगे।

सौम्या बेबी और खुशबीर कौर में से कोई अगर रविवार को पदक जीतता है तो इतिहास रचा जाएगा, क्योंकि यह पहला मौका होगा, जब कोई भारतीय महिला इस स्पर्धा में राष्ट्रमंडल पदक जीतेगी। यहां तक कि इसके बाद भारतीय महिलाओं के पास पुरुषों की तुलना में पदक जीतने का बेहतर मौका है। केरल की 27 साल की सौम्या ने हाल में राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 1 घंटा 31 मिनट और 28 सेकंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ खुशबीर कौर को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता था।

सौम्या अगर रविवार को इस प्रदर्शन को दोहराती हैं, तो उनके पास पदक जीतने और इतिहास रचने का मौका होगा। स्पर्धा में हिस्सा ले रहीं 13 खिलाड़ियों के बीच सौम्या ने ऑस्ट्रेलिया की बेकी स्मिथ (1 घंटा 31 मिनट और 23 सेकंड) और जेमिमा मोंटेग (1 घंटा 21 मिनट और 26 सेकंड) के बाद सत्र का तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। ऑस्ट्रेलिया की क्लेयर टैलेंट (1 घंटा 31 मिनट और 29 सेकंड) भी चुनौती पेश कर रही हैं। वे 2010 राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता हैं और उनकी उम्र 36 साल है।

पुरुष 20 किमी पैदल चाल में भारत का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय रिकॉर्डधारक केटी इरफान और मनीष सिंह रावत करेंगे। अगर इन दोनों को पदक जीतना है, तो अपने प्रदर्शन में काफी सुधार करना होगा, क्योंकि इनकी स्पर्धा में 4 ऐसे खिलाड़ी हैं, जो 1 घंटा और 20 मिनट से कम समय में स्पर्धा पूरी कर सकते हैं। इरफान और मनीष का सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1 घंटा 21 मिनट और 31 सेकंड है।

राष्ट्रीय चैंपियनशिप में इनके पहले और दूसरे स्थान का फैसला फोटो फिनिश के जरिए हुआ था। गोलाफेंक में शुक्रवार को तेजिंदर पाल सिंह के क्वालीफाइंग राउंड के जरिए फाइनल में जगह बनाने की उम्मीद है। उन्होंने पिछले महीने फेडरेशन कप राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 20.24 मीटर के प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता था। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी