दक्षिण अफ्रीका में होंगे राष्ट्रमंडल खेल 2022

बुधवार, 2 सितम्बर 2015 (18:27 IST)
डरबन। डरबन को 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी मिलने के साथ ही दक्षिण अफ्रीका राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी हासिल करने वाला पहला अफ्रीकी देश बन गया है।
न्यूजीलैंड में बुधवार को राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) की आम बैठक के दौरान यह फैसला लिया  गया। गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए कनाडा की अपनी दावेदारी से  हटने के बाद एकमात्र दावेदार रह गया था। 
 
खेलों के इस महाआयोजन के आयोजकों ने कहा कि 2022 में खेलों का आयोजन 18 से 30 जुलाई  तक किया जाएगा जिसका उद्घाटन दक्षिण अफ्रीका के महान नेता नेल्सन मंडेला के जन्मदिन से होगा।
 
सीजीएफ के निवर्तमान अध्यक्ष प्रिंस टुंकू इमरान ने इस अवसर पर कहा कि दक्षिण अफ्रीका को राष्ट्रमंडल  की मेजबानी दिया जाना एक सराहनीय कदम है। अफ्रीकी धारती पर पहली बार होने वाले खेलों के इस  बड़े आयोजन से मैं बेहद खुश हूं।
 
सीजीएफ के उपाध्यक्ष और दक्षिण अफ्रीका की ओलंपिक समिति के अध्यक्ष गिडोन सैम ने इस पर अपनी  खुशी व्यक्त करत हुए कहा ‍क‍ि पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी मिलने से हम बेहद उत्साहित और  खुश हैं। हम अपनी धरती पर खेलों के इस महाआयोजन की मेजबानी के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।  (वार्ता)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें