गीता फोगाट ने लिया दो बच्चों के जन्म का संकल्प

सोमवार, 10 जुलाई 2017 (19:02 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता पहलवान गीता फोगाट ने संकल्प लिया  है कि वे 2 बच्चों को ही जन्म देंगी।
 
हरियाणा की गीता ने अपने पति पवन कुमार के साथ सोमवार को यहां टैक्सपेयर्स  एसोसिएशन ऑफ  इंडिया के कार्यक्रम में शपथ लेते हुए कहा कि मैं अपने पति पवन के साथ 2 बच्चों को जन्म देने का संकल्प लेती हूं।

इस कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि देश में बढ़ती समस्याओं की जड़ लगातार बढ़ती जा रही आबादी है और इस पर नियंत्रण लगाने की सख्त जरूरत है।
 
हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्यों में कन्या भ्रूण हत्या के सवाल पर गीता ने सख्ती के साथ कहा कि गर्भपात बंद होने चाहिए, भ्रूण हत्या पर रोक लगाई जानी चाहिए, लड़कियों को ज्यादा जागरूक किया जाना चाहिए। यदि लड़कियां इस बात को समझ जाती हैं तो भ्रूण हत्या बंद हो जाएगी।
 
11 जुलाई के 'विश्व जनसंख्या दिवस' की पूर्व संध्या पर गीता ने साथ ही कहा कि महिलाओं को भी जागरूक करने की सख्त जरूरत है, क्योंकि यदि महिलाएं जागरूक हो गईं तो तेजी से बढ़ती जा रही आबादी रुक जाएगी।
 
आमिर खान की 'दंगल' से फिर से शोहरत की बुलंदियों पर लौट चुकीं गीता से एक सवाल पूछा गया कि यदि किसी के 2 लड़के हो गए और वह लड़की भी चाहता है तो? गीता ने स्पष्ट अंदाज में कहा कि एक लड़की को गोद ले लीजिए।
 
महिला पहलवान गीता ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि मैं देश के युवाओं का आह्वान करती हूं कि वे जनसंख्या नियंत्रण के इस अभियान को अपना पूरा सहयोग दें। मेरी राज्य और केंद्र सरकारों से भी अपील है कि वे 2 बच्चों का कानून लागू करें।
 
इस अवसर पर मशहूर पहलवान और लंदन ओलंपिक के पदक विजेता योगेश्वर दत्त और  पहलवान  अनुज चौधरी भी मौजूद थे। उन्होंने भी बढ़ती जनसंख्या पर नियंत्रण लगाने की  अपील की।  योगेश्वर ने कहा कि यह पहल एक बड़ी बात है। जनसंख्या इस समय  बड़ी समस्या है।  हिन्दुस्तान के बारे में हम नहीं सोचेंगे तो कौन सोचेगा? हमें सरकार से  मांग करनी होगी कि वह  जनसंख्या नियंत्रण पर कानून बनाए। सभी का सहयोग मिलेगा  तभी भारत आगे बढ़ेगा।
 
पहलवान अनुज ने भी कहा कि तरक्की का हर रास्ता जनसंख्या नियंत्रण से निकलेगा।  आखिर हम  जनसंख्या क्यों बढ़ाए जा रहे हैं? इसे अब भी नियंत्रित कर लिया जाए तो गनीमत होगी। हिन्दुस्तानी  होने के नाते हमें अपना कर्तव्य निभाना चाहिए। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें