फेडरेशन कप में चैंपियन बनी सेना

सोमवार, 4 मई 2015 (23:17 IST)
मेंगलुरु। भारतीय सेना की टीम 19वीं फेडरेशन कप राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में चैम्पियन रही, जिसने चार दिवसीय टूर्नामेंट में 123.5 अंक बनाए। तमिलनाडु 114 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहा।

पुरुषों की ओवरआल चैम्पियनशिप भी सेना ने जीती और तमिलनाडु दूसरे स्थान पर रहा। केरल महिला वर्ग में चैम्पियन रहा जबकि कर्नाटक दूसरे स्थान पर रहा।
 
पुरुष वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार हरियाणा के शॉट पुटर इंदरजीत सिंह ने जीता, जिन्होंने रियो ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। ओडिशा की सर्बाणी नंदा सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी चुनी गई, जो 100 मीटर दौड़ में चैम्पियन रही थी।
 
इससे पहले सुबह ओएनजीसी की एमआर पूवम्मा ने महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में 53.41 सेकंड का समय निकालकर अपना लगातार चौथा खिताब जीता और अगले महीने चीन के वुहान में होने वाली एशियाई चैंपियनशिप के लिए राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई। 
 
पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में इंचियोन एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता राजीव अरोकिया ने 46.24 सेकंड के साथ एशियाई चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया। 
 
ओड़िशा की फर्राटा धाविका सर्बाणी नंदा ने महिलाओं की 200 मीटर में अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 23.67 सेकंड में दौड़ पूरी की। ओड़िशा की ही दुती चंद ने रजत और कर्नाटक की एम जी पदमिनी ने कांस्य पदक जीता। 

हरियाणा के धर्मबीर ने पुरूषों की 200 मीटर का स्वर्ण पदक जीता और वुहान जाने वाली टीम में जगह बनाई। उन्होंने 20.87 सेकंड का समय निकाला। सेना के जिनसन जॉनसन ने 800 मीटर के बाद 1500 मीटर का भी स्वर्ण पदक हासिल किया। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें