तेज पासिंग पर फोकस कर रही है भारतीय हॉकी टीम

बुधवार, 17 सितम्बर 2014 (18:14 IST)
इंचियोन। स्ट्राइकर एसवी सुनील ने कहा कि भारतीय हॉकी टीम श्रीलंका के खिलाफ 21 सितंबर को होने वाले एशियाई खेलों के पहले मुकाबले से पूर्व ‘तेज पासिंग’ पर फोकस कर रही है।
 
टीम में अपनी भूमिका के बारे में सुनील ने कहा मैं विरोधी खेमे को तनाव में रखने की कोशिश करूंगा ताकि उनके गोल पर हमले किए जा सके। मैं गोल के लिए मूव बनाऊंगा। उन्होंने कहा कि  टीम का फोकस अभ्यास पर है।
 
सुनील ने कहा तेज पासिंग और फॉरवर्ड पंक्ति में गेंद पर नियंत्रण से हमें अधिक मौके मिलेंगे। फिलहाल हमारे अभ्यास सत्रों में इसी पर मेहनत की जा रही है। 
 
उन्होंने भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश की भी तारीफ की। श्रीजेश मुझे विरोधी डिफेंस को भेदने के  टिप्स देता रहा है। मैंने उसके मार्गदर्शन को हमेशा संजीदगी से लिया है और इससे मुझे बेहतर  खिलाड़ी बनने में मदद मिली। महिला टीम पहले मैच में थाईलैंड से खेलेगी। मिडफील्डर नवजोत  कौर ने कहा कि टीम का मनोबल ऊंचा है।
 
उन्होंने कहा कि टीम का मनोबल उंचा है और हमें ग्रुप चरण में शीर्ष पर रहने की उम्मीद है। हमने  अभ्यास के दौरान रफ्तार, तालमेल और पासेस पर मेहनत की। हमें जीत के साथ शुरुआत का  यकीन है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें