भारतीय महिला हॉकी टीम ने कांस्य जीता

बुधवार, 1 अक्टूबर 2014 (16:01 IST)
इंचियोन। भारतीय महिला हॉकी टीम ने जापान को 2-1 से हराकर एशियाई खेलों में 8 साल बाद कांस्य पदक जीत लिया।
 
विश्व रैंकिंग में 13वें स्थान पर काबिज भारतीय महिलाओं ने जबर्दस्त जुझारूपन का प्रदर्शन करते हुए जापान से 4 साल पहले कांस्य पदक के प्लेऑफ मुकाबले में 1 गोल से मिली हार का बदला भी चुकता कर दिया।
 
ड्रैग फ्लिकर जसप्रीत कौर ने 23वें मिनट में पहला और 42वें मिनट में वंदना कटारिया ने दूसरा गोल किया। जापान के लिए एकमात्र गोल अकाने शिबाता ने 41वें मिनट में दागा।
 
पहले क्वार्टर के गोलरहित रहने के बाद भारतीयों ने 23वें मिनट में खाता खोला। भारत के लिए यह गोल दूसरे पेनल्टी कॉर्नर पर जसप्रीत ने किया।
 
पहले पेनल्टी कॉर्नर पर जसप्रीत के शॉट को जापानी गोलकीपर युका योशिकावा ने बचा लिया। अगले मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे पंजाब की इस ड्रैगफ्लिकर ने बखूबी गोल में बदला।
 
भारत की बढ़त 3 मिनट बाद दुगनी हो जाती लेकिन पूनम रानी ने रानी रामपाल के पास पर मौका गंवा दिया। 
 
जापानियों ने भारत की रक्षापंक्ति की चूक का फायदा उठाते हुए 41वें मिनट में बराबरी का गोल दागा। 1 मिनट बाद हालांकि वंदना ने भारत को फिर बढ़त दिला दी। रानी के बनाए मूव पर वंदना ने गेंद को गोल के भीतर डाला।
 
चौथे और आखिरी क्वार्टर में जापानियों ने कई हमले किया लेकिन भारतीय गोलकीपर सविता काफी मुस्तैद थी। जापान को 54वें मिनट में मिला पेनल्टी कॉर्नर भी बेकार गया।
 
हूटर से 3 मिनट पहले वंदना ने गोल करने का एक सुनहरा मौका गंवाया, जब उनका शॉट खाली पड़े गोल के बाहर से निकल गया। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें