सानली के दो गोल से पुणे ने की जीत से शुरुआत

सोमवार, 5 अक्टूबर 2015 (23:25 IST)
पुणे। टनके सानली के दो गोल की मदद से पुणे सिटी एफसी ने सोमवार को यहां मुंबई सिटी एफसी पर 3-1 से जीत दर्ज करके इंडियन सुपर लीग फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे सत्र की शानदार शुरुआत की। 
सानली ने 12वें मिनट में पुणे को बढ़त दिलाई जिसके बाद फ्रेडरिक पिकोने ने मुंबई की तरफ से 34वें मिनट में बराबरी का गोल दागा। सानली ने 56वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया जबकि इसरेल गुरूंग ने 68वें मिनट में गोल करके पुणे सिटी की जीत सुनिश्चित की। 
 
घरेलू टीम ने अपने फारवर्ड एड्रियन मुतु की अनुपस्थिति के बावजूद शानदार प्रदर्शन किया और इसमें सानली का योगदान अहम रहा। सानली ने शुरू में मुंबई एफसी के खेमे में हलचल मचा दी। विंडर गुरूंग ने उन तक गेंद पहुंचाई जिस पर उन्होंने हेडर से गोल दागा। 
 
मुंबई ने इसके बाद बराबरी का गोल करने के लिए जीजान लगा दी लेकिन उसे 34वें मिनट में जाकर सफलता मिली। आशुतोष मेहता ने पिकोने को बहुत अच्छा क्रॉस दिया जिन्होंने उस पर गोल करने में गलती नहीं की। मुंबई एफसी को गोल करने के कुछ अच्छे मौके मिले लेकिन वह इनका फायदा नहीं उठा पाया और मध्यांतर तक स्कोर 1-1 से बराबर था। 
 
आंद्रे मोरिटज के पास दूसरे हाफ के शुरू में मुंबई को बढ़त दिलाने का मौका था लेकिन उनका शॉट गोल पोस्ट से बाहर चला गया। पुणे की तरफ से गुरूंग और सानिल की जोड़ी ने फिर करिश्मा दिखाया। इस बार भी गुरूंग के क्रॉस पर सानिल ने हेडर से गोल किया। इसके बाद गुरूंग के क्रॉस पर ही तीसरा गोल भी हुआ।  (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें