कोरिया दौरे के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की कमान रानी को

शुक्रवार, 23 फ़रवरी 2018 (14:14 IST)
नई दिल्ली। अनुभवी स्ट्राइकर रानी रामपाल कोरिया के खिलाफ सत्र की शुरुआती श्रृंखला के लिए 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान होंगी। भारतीय टीम 3 से 12 मार्च तक कोरिया के खिलाफ 5 मैच खेलेगी।
 
 
फॉरवर्ड पूनम रानी फिट होकर टीम में लौटी हैं। डिफेंडर सुनीता लाकड़ा को उपकप्तान बनाया गया है। गोलकीपर सविता को इस दौरे के लिए आराम दिया गया है। गोलकीपिंग की जिम्मेदारी रजनी ई और नई खिलाड़ी स्वाति पर होगी।
 
डिफेंस में अनुभवी दीपिका, सुमन देवी, दीप ग्रेस इक्का, सुशीला चानू और गुरजीत कौर हैं, वहीं मिडफील्ड का जिम्मा मोनिका, नमिता टोप्पो, निक्की प्रधान, नेहा गोयल, उदिता और लिलिमा मिंज पर होगा। रानी, वंदना कटारिया, लालरेमसियामी, नवजोत कौर, नवनीत कौर और पूनम फॉरवर्ड पंक्ति संभालेंगे। पिछले साल नवंबर में चीन को हराकर एशिया कप जीतने के बाद भारतीय टीम का यह पहला टूर्नामेंट है।
 
मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने कहा कि सत्र के पहले टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन बहुत जरूरी है। इससे लय मिलती है। कोरिया दौरे से पता चलेगा कि राष्ट्रमंडल खेलों से पहले हमें कहां सुधार करने की जरूरत है? हमारे पास युवा और अनुभवी खिलाड़ियों से सजी टीम है। ये लड़कियां जबर्दस्त फिट हैं और यो यो टेट में अच्छा स्कोर कर रही हैं। इनमें से अधिकांश ने रांची में राष्ट्रीय चैंपियनशिप में अच्छा प्रदर्शन किया था और उम्मीद है कि यह लय कायम रहेगी।
 
टीम- गोलकीपर : रजनी इतिमारपू, स्वाति। डिफेंडर : दीपिका, सुनीता लाकड़ा, दीप ग्रेस इक्का, सुमन देवी, गुरजीत कौर, सुशीला चानू। मिडफील्ड : मोनिका, नमिता टोप्पो, निक्की प्रधान, नेहा गोयल, लीलिमा मिंज, उदिता। फॉरवर्ड : रानी (कप्तान), वंदना कटारिया, लालरेमसियामी, नवजोत कौर, नवनीत कौर, पूनम रानी। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी