महिला कबड्डी टीम ने जीता स्वर्ण, पुरुष टीम को रजत

बुधवार, 28 सितम्बर 2016 (20:01 IST)
दनांग (वियतनाम)। भारतीय महिला कबड्डी ने यहां चल रहे पांचवें एशियाई बीच खेलों में स्वर्ण पदक जीत लिया लेकिन पुरुष टीम को फाइनल में पाकिस्तान से हारकर रजत से संतोष करना पड़ा।
           
महिला कबड्डी टीम ने फाइनल में थाइलैंड को 41-31 से हराया। पुरुष कबड्डी टीम फाइनल में बेहद कड़े संघर्ष में पाकिस्तान से मात्र दो अंकों के फासले से 28-30 से हार गई। 
          
कुराश में अमीषा टोकस को महिलाओं के 70 किग्रा वजन वर्ग में रजत पदक मिला। अमीषा को फाइनल में वियतनाम की एनगुएन थी दियू से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले हरीश बघेल को मुआयेथई में पुरुष मिडलवेट वजन वर्ग (71-75 किग्रा) में रजत से संतोष करना पड़ा था। 
       
भारत ने इन खेलों में मंगलवार तक एक स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य सहित कुल पांच पदक जीत लिए हैं। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें