नीरज चोपड़ा ने भालाफेंक में बनाया जूनियर विश्व रिकॉर्ड

रविवार, 24 जुलाई 2016 (13:36 IST)
नई दिल्ली। उदीयमान एथलेटिक्स स्टार नीरज चोपड़ा ने पोलैंड में चल रही आईएएएफ विश्व अंडर 20 चैम्पियनशिप की भालाफेंक स्पर्धा में 86.48 मीटर के साथ जूनियर विश्व रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक जीता।
 
पहले दौर में उसने 79.66 मीटर का निशाना साधा। इसके बाद हरियाणा के इस 18 वर्षीय खिलाड़ी ने दूसरे दौर में 86.48 मीटर का थ्रो फेंका। इससे पहले अंडर 20 विश्व रिकॉर्ड लाटविया के जिगिस्मंड्स सिरमाइस के नाम था जिसने 84.69 मीटर का थ्रो फेंका था।
 
चंडीगढ़ के डीएवी कॉलेज में पढ़ने वाले चोपड़ा एथलेटिक्स (जूनियर और सीनियर) में विश्व रिकार्ड बनाने वाले पहले भारतीय बन गए। उन्होंने राजिंदर सिंह का 82.23 मीटर का सीनियर राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी तोड़ा। वह विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय ट्रैक और फील्ड खिलाड़ी बन गए।
 
रियो ओलंपिक जा रही सीमा पूनिया ने 2000 विश्व अंडर 20 चैम्पियनशिप में महिलाओं की चक्काफेंक में स्वर्ण पदक जीता था लेकिन प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन की दोषी पाए जाने के बाद उससे पदक ले लिया गया। बाद में उसने 2002 अंडर 20 विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता था। नवजीत कौर ढिल्लों ने भी 2004 अंडर 20 विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता था।
 
लांग जंपर अंजू बाबी जार्ज ने 2003 में सीनियर विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता था। (भाषा)  

वेबदुनिया पर पढ़ें