टोक्यो पैरालंपिक में भारत को एक और गोल्ड, कृष्णा नागर ने जीता सोना

रविवार, 5 सितम्बर 2021 (09:57 IST)
टोक्यो। टोक्यो पैरालंपिक में रविवार को आखिरी दिन बैडमिंटन में दूसरा गोल्ड मेडल मिला। SH-6 कैटेगरी में कृष्णा नागर ने भारत को 5वां गोल्ड दिलाया। उन्होंने फाइनल में हांगकांग के चू मान केई को हराया।

जयपुर के 22 साल के नागर ने अपने प्रतिद्वंद्वी केई को 21-17 16-21 21-17 से शिकस्त दी। इस तरह यह दूसरा वरीय खिलाड़ी बैडमिंटन में स्वर्ण पदक जीतने की सूची में हमवतन प्रमोद भगत के साथ शामिल हो गया।
 
इससे पहले टोक्यो पैरालिंपिक के आखिरी दिन बैडमिंटन में नोएडा के डीएम सुहास यथिराज फाइनल मुकाबले में फ्रांस के खिलाड़ी लुकास मजूर से हार गए, लेकिन उन्होंने सिल्वर मेडल पक्का कर लिया।
 
पैरालिंपिक में बैडमिंटन में ये भारत का तीसरा मेडल है। सुहास ने पहला गेम 21-15 से जीता और इसके बाद दोनों गेम वो कड़े मुकाबले में हार गए। लुकास मजूर ने आखिरी दोनों गेम 21-15, 17-21 से जीता।
 
टोक्यो पैरालंपिक में भारत अब 19 मेडल जीत चुका है। इनमें 5 गोल्ड, 8 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। पैरालिंपिक में पहली बार बैडमिंटन को शामिल किया गया है। इसमे 7 खिलाड़ियों ने भाग लिए। इनमें से 6 खिलाड़ी विभिन्न कैटेगरी के सेमीफाइनल में पहुंचे। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी