लक्ष्मण ने आर्म रेसलिंग में जीता स्वर्ण और कांस्य

शनिवार, 17 जून 2017 (17:25 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली के पहलवान लक्ष्मण सिंह भंडारी ने हाल ही में 5 से 11 जून तक किर्गिजस्तान में आयोजित 16वीं एशियाई आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 70 किलो मास्टर वर्ग में स्वर्ण और कांस्य पदक जीता। 
 
लक्ष्मण सिंह को एशियाई और विश्व आर्म कुश्ती महासंघ द्वारा हाथ कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए सम्मानित भी किया गया। दिल्ली के निवासी लक्ष्मण ने 1989 में आर्म रेसलिंग शुरू कर दी थी और उन्होंने उस समय के राज्य चैंपियन को हराया था। उन्होंने इसके बाद मुड़कर नहीं देखा और राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीते। 
 
लक्ष्मण ने 2 एशियाई और 2 विश्व एशियाई आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में भाग लिया। वे आर्म कुश्ती संघ दिल्ली के महासचिव और कोच भी हैं। इसके अलावा वे आईएएफ के तकनीकी निदेशक, विश्व और एशियाई आर्म कुश्ती महासंघ के वरिष्ठ रैफरी भी हैं। लक्ष्मण कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए हर रविवार को दिल्ली में मुफ्त प्रशिक्षण देते हैं।
 
उल्लेखनीय है कि लक्ष्मण का सपना विश्व आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतना है और उन्हें उम्मीद है। यह खेल पुरुष आयु वर्ग में सभी आयु वर्गों द्वारा खेला जाता है जिनमें विकलांग और मास्टर भी शामिल हैं। लक्ष्मण चाहते हैं कि आर्म रेसलिंग खेल को ओलंपिक में भी शामिल किया जाए ताकि वे देश के लिए ओलंपिक में भी स्वर्ण पदक ला सकें। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें