नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, डायमंड लीग ट्रॉफी जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट

शुक्रवार, 9 सितम्बर 2022 (09:02 IST)
भारतीय स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए डायमंड लीग ट्रॉफी अपने नाम कर ली। उन्होंने  88.44 मीटर दूर भाला फेंक यह उपलब्धि हासिल की। वह इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को जीतने वाले देश के पहले एथलीट बन गए हैं।

चेक गणराज्य के ओलंपिक रजत पदक विजेता जैकब वाडलेज 86.94 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे। इसे उन्होंने अपने चौथे प्रयास में हासिल किया। जर्मनी के जूलियन वेबर 83.73 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
 
इससे पहले 2017 और 2018 में नीरज ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था, मगर तब वह टॉप 5 में भी जगह नहीं बना सके थे।
 
डायमंड लीग फाइनल में नीरज की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। फाइनल का आगाज उन्होंने फाउल के साथ किया था। मगर, अगले ही प्रयास में नीरज ने 88.44 मीटर दूर भाला फेंक पहला स्थान हासिल किया। नीजर ने इसके बाद तीसरे प्रयास में 88.00 मीटर, चौथे में 86.11 मीटर, पांचवें में 87.00 मीटर और छठे प्रयास में 83.60 मीटर दूर भाला फेंका।
 
नीरज ने 2021 में टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड जीता था। इससे पहले उन्होंने 2018 में एशियाई खेलों का स्वर्ण, 2018 में राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्ण जीता था, जबकि इस साल विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में उन्होंने रजत पदक पर कब्जा जमाया था।

 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी