नेपाल से सुरक्षित लौटी लड़कियों की फुटबॉल टीम

रविवार, 26 अप्रैल 2015 (23:34 IST)
नई दिल्ली। भूकंप का सामना करने वाले नेपाल में एक दिन से भी अधिक समय डर के बीच बिताने के बाद भारत की 23 सदस्यीय अंडर 14 लड़कियों की फुटबाल टीम आज भारतीय वायु सेना के विमान से यहां स्वदेश लौट आई।
 
एशियाई फुटबॉल परिसंघ के क्षेत्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए नेपाल गई भारत की 18 खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के पांच सदस्य भारतीय वायुसेना के विमान सी-17 से आज शाम लगभग पांच बजकर 45 मिनट पर दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरे। ये उन 237 लोगों में शामिल थे, जो काठमांडू से विमान में बैठे थे।
 
दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने के बाद कोच मेमोल राकी ने कहा, ‘हमारा संघर्ष खत्म हो गया है और यह हमारे लिए बड़ी राहत की बात है। लड़कियों और अधिकारियों ने नेपाल में हमारे जीवन के सबसे भयानक लम्हों का सामना किया।’ 
 
उन्होंने कहा, ‘कल नेपाल में हमें नहीं पता था कि हम अपने घर लौट पाएंगे या नहीं। अंतत: हम यहां सुरक्षित पहुंच गए।’ खिलाड़ी और अधिकारी आज रात होटल में रूकेंगे और कल अपने अपने घर के लिए रवाना होंगे।
 
कल जब भूकंप आया तब खिलाड़ी ईरान के खिलाफ होने वाले तीसरे स्थान के प्ले आफ मुकाबले के लिए काठमांडू के दशरथ स्टेडियम में अ5यास कर रही थी। भूकंप आने के बाद सभी खिलाड़ी मैदान के बीच में पहुंच गई जबकि आसपास के क्षेत्रों में कई इमारतें ध्वस्त हो गई।
 
डरी हुई लड़कियों और सहयोगी स्टाफ ने इसके बाद होटल के कमरों की जगह होटल में खुले में रात बिताई। इससे पहले विदेश मामलों की मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट करके कहा था, ‘हम प्राथमिकता के आधार पर भारत की लड़कियों की अंडर 14 फुटबाल टीम को वापस लाएंगे।’ 
 
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने भारत सरकार, वायुसेना और नेपाल फुटबाल संघ को खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की सुरक्षित वापसी के लिए धन्यवाद दिया। पटेल ने साथ ही कहा कि एआईएफएफ भूकंप राहत के लिए नेपाल फुटबॉल संघ को 11 लाख रुपए की मदद देगा। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें