तोते ने हरवा दिया जापान को!

सोमवार, 6 जुलाई 2015 (15:38 IST)
टोक्यो। महिला फुटबॉल विश्व कप में गत चैंपियन जापान अपने देश की ओलिविया नाम की ‘मिस तोता’  की सही भविष्यवाणियों के चंगुल में ऐसा फंसा कि वह खिताबी मुकाबले में अमेरिका के खिलाफ अपना  स्वाभाविक प्रदर्शन नहीं दिखा पाया। 
जापान को फाइनल में अमेरिका के हाथों 2-5 की हार का सामना करना पड़ा जबकि जापान ने 2011  में पिछले टूर्नामेंट में अमेरिका को टूर्नामेंट में पेनल्टी शूटआउट में पराजित कर खिताब जीता। जापान की  10 वर्षीय तोता ओलिविया ने कनाडा में हुए महिला विश्वकप में लगातार सटीक भविष्यवाणियां की थीं।
 
ओलिविया ने फाइनल से पहले जापान के लिए सभी 6 जीत की सही भविष्यवाणियां की थीं। ओलिविया  को कृत्रिम घास से बने मैदान में रखा जाता था, जहां बाकायदा गोल पोस्ट बने थे और उसके बीच में  खेलने वाली टीमों के झंडे रखे जाते थे। ओलिविया को इनमें से एक झंडा चुनना होता था।
 
ग्रे रंग के तोते ओलिविया ने फाइनल के लिए भी जापान का झंडा उठाया था। शायद ओलिविया की  भविष्यवाणी के भरोसे जापान की खिलाड़ी अपना स्वाभाविक खेल नहीं दिखा सकीं और अपना खिताब  गंवा बैठी।
 
इससे पहले ओलिविया ने जापान की स्विट्जरलैंड, कैमरुन, इक्वाडोर, हॉलैंड, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के  खिलाफ जीत की सही भविष्यवाणी की थी। (वार्ता)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें