खेलो इंडिया : तमिलनाडु की सुमाथिरा ने जीते दो स्वर्ण

रविवार, 4 फ़रवरी 2018 (00:11 IST)
नई दिल्ली। तमिलनाडु की सुमाथिरा बालाकृष्णन ने शनिवार को 'खेलो इंडिया स्कूल गेम्स' की एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतिम दिन दो स्वर्ण अपने नाम किए। 17 साल की इस धाविका ने लड़कियों की 400 मीटर रेस के अलावा अपनी साथियों के साथ मिलकर 4 गुणा 400 मीटर रिले में भी पहला स्थान हासिल किया।


सुमाथिरा ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 400 मीटर की दूरी 56.39 सेकंड में पूरी की और खुद को इस स्पर्धा में देश की नई पौध के रूप में स्थापित किया। सुमाथिरा के अलावा इस स्पर्धा के फाइनल में दौड़ने वाली बाकी सभी छह धाविकाएं 60 सेकंड से अधिक का ही समय निकाल सकीं। इसके साथ सुमाथिरा ने भविष्य में भारत की 4 गुणा 400 मीटर रिले टीम के फिर से सशक्त होने के भी संकेत दिए।

सुमाथिरा ने शनिवार को अपना ही रिकॉर्ड बेहतर किया। एसजीएफआई नेशनल यू-19 रोहतक में सुमाथिरा ने 56.45 सेकंड का समय निकाला था। आंध्रप्रदेश, तेलंगाना और केरल ने लड़कों के 400 मीटर स्पर्धा में क्लीन स्वीप किया। आंध्र के धनुष कुमार ने 49.05 सेकंड के साथ इस स्पर्धा का स्वर्ण जीता जबकि तेलंगाना के डी. श्रीकांत ने 49.09 सेकंड के साथ रजत जीता।

केरल के टीके सायोज ने 49.75 सेकंड के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। मध्यम दूरी और लम्बी दूरी की रेसों में अच्छा करने वाले उत्तराखंड के लड़कों ने 5000 मीटर पैदल चाल में भी अच्छा प्रदर्शन किया। परमजीत बिष्ठ और मुकेश कुमार ने परचम लहराते हुए क्रमशः 21.19.84 मिनट और 21.26.71 मिनट के साथ पहला और दूसरा स्थान हासिल किया।

लड़कियों की 3000 मीटर पैदल चाल में उत्तराखंड की मानसी नेगी और उत्तर प्रदेश की मुनिता प्रजापति के बीच अंतिम दो लैप में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा हुई, जिसमें अंततः मानसी ने बाजी मारी। मानसी ने अंतिम 100 मीटर में मुनिता को दोयम साबित करते हुए 14.44.44 सेकंड के साथ यह रेस जीती और वाक इवेंट में उत्तराखंड को गोल्डन डबल दिलाया।

लड़कों के भाला फेंक स्पर्धा में उत्तर प्रदेश के अमित यादव ने 64.09 मीटर के साथ पहला स्थान हासिल किया जबकि उनके ही प्रदेश के अशरफ अहमद ने 60.54 मीटर के साथ अपने प्रदेश को रजत दिलाया। ये दोनों पूर्व राष्ट्रीय चैम्पियन रुस्तम के शिष्य हैं। इस स्पर्धा का कांस्य पंजाब के पारन देसवाल ने 58.14 मीटर के साथ जीता।

लड़कों के पोल वाल्ट में महाराष्ट्र के राकेश गोंड ने 4.70 मीटर के साथ बाजी मारी जबकि उत्तर प्रदेश के दीपक यादव ने 4.30 मीटर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश के संदीप कुमार (4.15 मीटर) ने कांस्य जीता। शुक्रवार को 100 मीटर रेस के फाइनल में फाल्स स्टार्ट के कारण अयोग्य करार दिए गए महाराष्ट्र के करण हेगिस्टे ने शनिवार को स्वर्ण के साथ उस निराशा को पीछे छोड़ा।

करण ने चार गुणा 100 मीटर में अपने साथियों के साथ स्वर्ण जीता। लड़कियों की 4 गुणा 100 मीटर रिले में हालांकि महाराष्ट्र की लड़कियों को रजत से ही संतोष करना पड़ा क्योंकि केरल की लड़कियों ने 48.61 सेकंड के साथ पहला स्थान हासिल किया। इस टीम की सदस्या एंसी सोजन ने इन खेलों का अपना तीसरा पदक जीता। केरल के ही लड़कों ने चार गुणा 400 मीटर रिले का भी स्वर्ण जीता।

इस टीम ने 3.32.75 मिनट के सा पहला स्थान हासिल किया। तमिलनाडु की टीम 3.33.82 सेकंड के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। महाराष्ट्र ने 3,33.32 मिनट के साथ तीसरा स्थान पाया। एथलेटिक्स प्रतियोगिता का रोमांचक समापन हुआ। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी