शीर्ष खिलाड़ियों को प्रतिमाह मिलेगा 50 हजार का मानदेय

शुक्रवार, 15 सितम्बर 2017 (20:45 IST)
नई दिल्ली। खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने आज कहा कि टोक्यो ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों में लगे शीर्ष खिलाड़ियों को जेब खर्चे के लिए प्रतिमाह 50 हजार रुपए मानदेय दिया जाएगा।
 
राठौड़ की घोषणा का मतलब है कि खेल मंत्रालय ने इस संबंध में अभिनव बिंद्रा की अगुवाई वाले ओलंपिक कार्यबल की सिफारिशों को स्वीकार कर लिया है।
 
सरकार ने ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम’ यानी टॉप के तहत 152 खिलाड़ियों का चयन कर रखा है। इन सभी खिलाड़ियों को इस फैसले से फायदा मिलेगा। यह मानदेय एक सितंबर से भुगतान किया जाएगा।
 
राठौड़ ने अपने आधिकारिक ट्‍विटर हैंडल पर लिखा, ‘खेल मंत्रालय टोक्यो, राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों की तैयारी कर रहे 152 एलीट खिलाड़ियों के लिए प्रतिमाह 50 हजार रुपए के जेब खर्चों की घोषणा करता है। खिलाड़ी हमेशा हमारी पहली प्राथमिकता हैं।’ 
 
उन्होंने कहा, ‘ये भत्ते एक सितंबर 2017 से दिए जाएंगे और यह पूरी तरह से एलीट खिलाड़ियों के जेब खर्चों के लिए हैं। हम अपने चैंपियनों को हर तरह के संसाधन मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। (भाषा) 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें