बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग में साइना आठवें, ज्वाला-अश्विनी 14वें स्थान पर

गुरुवार, 5 मई 2016 (23:26 IST)
नई दिल्ली। देश की स्टार महिला जोड़ी ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा ने बैडमिंटन विश्व महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) की ओर से जारी ताजा रैंकिंग में एक स्थान की छलांग लगाई है और वह 14वें स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि स्टार एकल खिलाड़ी साइना नेहवाल आठवें स्थान पर बरकरार हैं।
        
बीडब्ल्यूएफ ने गुरुवार को रैंकिंग जारी की जिसमें वर्ष 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों की विजेता महिला जोड़ी ज्वाला-अश्विनी को एक स्थान का फायदा हुआ। साइना और युवा खिलाड़ी पीवी सिंधू ने अपना-अपना स्थान बरकरार रखा। सायना आठवें और सिंधू दसवें स्थान पर बनी हुई हैं।
        
पुरुष एकल खिलाड़ी एचएस प्रणय 25वें स्थान पर हैं जबकि किदांबी श्रीकांत और अजय जयराम एक-एक स्थान लुढ़ककर क्रमश: 12वें और 21वें स्थान पर पहुंच गए हैं। चीन के चेन लोंग शीर्ष पर काबिज हैं। पुरुष युगल वर्ग में मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी एक स्थान खिसककर 20वें स्थान पर हैं। मिश्रित युगल वर्ग में कोई भी भारतीय जोड़ी शीर्ष-25 में शामिल नहीं है। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें