साइना नेहवाल को सचिन तेंदुलकर ने दी बधाई...

शनिवार, 28 मार्च 2015 (22:38 IST)
नई दिल्ली। चैम्पियन क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर समेत कई दिग्गज खिलाड़ियों ने शनिवार को साइना नेहवाल को दुनिया की नंबर एक बैडमिंटन खिलाड़ी बनने पर बधाई दी। 
तेंदुलकर ने ट्विटर पर लिखा, साइना नेहवाल को नंबर वन रैंकिंग हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनने पर बधाई। यह प्रदर्शन बरकरार रखें। वे वाकई देश में उदीयमान खिलाड़ियों के लिए रोल मॉडल हैं। तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता हॉकी धुरंधर बलबीर सिंह सीनियर ने भी साइना को बधाई दी है। 
 
उन्होंने कहा, साइना पर हम सभी को फख्र है। उन्‍होंने देश का नाम रोशन किया है और मैं कामना करता हूं कि आगे भी वे कई उपलब्धियां हासिल करें। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने लिखा, साइना नेहवाल को बधाई। आपने हमें गौरवान्वित किया है। 
 
साइना के निजी कोच विमल कुमार ने कहा, मैं बहुत खुश हूं। अब उन्‍हें लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा। कई टूर्नामेंट आने वाले हैं और लगातार अच्छा प्रदर्शन सफलता की कुंजी होगा। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें