कोच विमल को इंचियोन ले जाना चाहती हैं साइना

बुधवार, 10 सितम्बर 2014 (18:07 IST)
नई दिल्ली। अनुभवी बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल चाहती हैं कि उनके पूर्व मुख्य कोच विमल कुमार एशियाई खेलों के लिए उनके साथ इंचियोन जाएं।
भारतीय बैडमिंटन संघ के एक अधिकारी ने कहा कि साइना ने बाइ से विमल कुमार को उन कोचों की सूची में शामिल करने का अनुरोध किया है, जो टीम के साथ कोरिया जाएंगे। हमने अधिकारियों से अनुरोध किया है और हमें फैसले का इंतजार है।
 
उन्होंने कहा कि पहले 3 कोचों पुलेला गोपीचंद, मधुमिता बिष्ट और विजयदीप सिंह को जाना था, लेकिन हमने विमल का नाम जोड़ने का फैसला किया है। उसके बदले में सूची से एक खेल विश्लेषक को हटाया जाएगा। खराब फॉर्म से जूझ रही साइना ने एशियाई खेलों के लिए अपने पूर्व कोच विमल कुमार के साथ अभ्यास का फैसला किया था।
 
सीनियर युगल खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा ने भी फिटनेस कारणों से एशियाड में नहीं खेलने का फैसला किया है। उनके विकल्प के बारे में पूछने पर अधिकारी ने कहा कि कोई विकल्प नहीं होगा, क्योंकि मुख्य कोच ने कहा है कि वह 15 खिलाड़ियों से काम चला लेंगे। अश्विनी पोनप्पा और प्रज्ञा गादरे के अलावा पीवी सिंधु भी हैं, जो युगल खेल चुकी हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें