सानिया और बोपन्ना दूसरे दौर में

बुधवार, 18 जनवरी 2017 (17:15 IST)
मेलबोर्न। सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन में अपने अभियान की जीत के साथ शुरुआत करते हुए अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। सानिया और चेक गणराज्य की बारबरा स्ट्रायकोवा ने ब्रिटेन की जैकलिन रे और एना स्मिथ को महिला युगल वर्ग के पहले दौर में 6-3, 6-1 से हराया।
 
वहीं पुरुष युगल में बोपन्ना और उरुग्वे के पाब्लो कुवास की 15वीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने ब्राजील के थामस बेलूची और अर्जेंटीना के मैक्सिमो गोंजालेस को 6-4, 7-6 से मात दी। अब उनका सामना ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स बोल्ट और ब्राडले मूसले से होगा।
 
सानिया और बारबरा ने 6ठे गेम में तीसरा ब्रेक प्वॉइंट भुनाया। रे ने उसकी अगली सर्विस पर सहज गलती की और बैकहैंड पर उसकी वॉली नेट में चली गई। इसके बाद सानिया और उसकी जोड़ीदार ने अगले गेम में सेट जीत लिया। दूसरे सेट में सानिया और बारबरा ने बेहतर प्रदर्शन किया और 2 बार अपने प्रतिद्वंद्वियों की सर्विस तोड़ी।
 
भारत के पूरव राजा और दिविज शरण पुरुष युगल में पहले दौर में फ्रांस के जोनाथन ईसेरिक और फेब्रिस मार्तिन से खेलेंगे, वहीं लिएंडर पेस और आंद्रे सा की जोड़ी 10वीं वरीयता प्राप्त ट्रीट हुए और मैक्स मिरनी का सामना करेगी। (भाषा)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें