सानिया, हिंगिस के बीच 5 अंकों का फासला

मंगलवार, 13 सितम्बर 2016 (08:25 IST)
नई दिल्ली। सफलता के रथ पर लगभग डेढ़ साल साथ-साथ चलने के बाद अब अलग-अलग जोड़ीदारों के साथ खेल रही भारत की सानिया मिर्जा और स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस के बीच सोमवार को जारी ताजा महिला युगल रैंकिंग में मात्र पांच अंकों का फासला रह गया है।
 
 
           
सानिया और हिंगिस ने गत वर्ष मार्च में एक साथ जोड़ी बनाई थी जो इस वर्ष विंबलडन तक बरकरार रही लेकिन विंबलडन के बाद दोनों ने अपनी राहें अलग-अलग कर लीं। सानिया-हिंगिस ने इस दौरान तीन ग्रैंड स्लेम खिताब जीते। 
             
दोनों खिलाड़ी वर्ष की आखिरी ग्रैंड स्लेम यूएस ओपन और उससे पहले के एक टूर्नामेंट में अलग-अलग जोड़ीदारों के साथ खेलीं। यूएस ओपन में दोनों ही खिलाड़ियों को कोई कामयाबी नहीं मिली। सानिया क्वार्टरफाइनल तक और हिंगिस सेमीफाइनल तक पहुंची जबकि गत वर्ष दोनों ने एक साथ इस टूर्नामेंट में खिताब जीता था।
             
सानिया के ताजा रैंकिंग में 9730 अंक है और उनका युगल रैंकिंग में शीर्ष स्थान बरकरार है लेकिन उनका हिंगिस के साथ फासला घटकर पांच अंक रह गया है। हिंगिस के इस समय 9725 अंक है और वह दूसरे स्थान पर हैं।(वार्ता)  

वेबदुनिया पर पढ़ें