सानिया मिर्जा ने विंबलडन महिला डबल्स खिताब जीता

रविवार, 12 जुलाई 2015 (07:42 IST)
लंदन। भारत की टेनिस सनसनी सानिया मिर्जा और उनकी जोड़ीदार स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस की जोड़ी ने विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के महिला युगल फाइनल मुकाबले में अपनी जीत का परचम लहराते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।
 
शीर्ष वरीयता प्राप्त सानिया और हिंगिस की जोड़ी ने 2 घंटे और 47 मिनट तक चले बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण खिताबी मुकाबले में दूसरी सीड रूस की एकाटेरिना मकारोवा और एलेना वेस्निना की जोड़ी को 5-7, 7-6, 7-5 से हराने के साथ ही वर्ष के तीसरे ग्रैंड स्लैम पर कब्जा भी जमा लिया। 
 
सानिया पहली बार विंबलडन के महिला युगल फाइनल में पहुंचीं और ग्रैंडस्लैम खिताब अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही यह कारनामा करने वाली वह भारत की पहली महिला खिलाड़ी भी बन गई हैं। 
 
हालांकि इससे पहले इस भारतीय स्टार खिलाड़ी ने मिश्रित युगल में ऑस्ट्रेलियन, फ्रेंच और यूएस ओपन के खिताब अपने नाम किए हैं, वहीं उनकी जोड़ीदार 34 वर्षीय हिंगिस ने अपने करियर का तीसरा महिला युगल विंबलडन ग्रैंडस्लैम अपने नाम कर लिया। 
 
इससे पहले वे वर्ष 1996 और 1998 में भी इस खिताब पर कब्जा जमा चुकी हैं। (वार्ता)

 

वेबदुनिया पर पढ़ें