शर्मिला निकोलेट ने दूसरे दिन बनाई बढ़त

गुरुवार, 3 सितम्बर 2015 (22:59 IST)
ग्रेटर नोएडा। शर्मिला निकोलेट ने पांच अंडर 67 का शानदार प्रदर्शन करके यहां जेपी ग्रीन्स में चल रहे हीरो महिला पेशेवर गोल्फ टूर के 15वें चरण के दूसरे दौर में एकल बढ़त हासिल कर ली। 
 
वर्ष का अपना पहला खिताब जीतने की कवायद में लगी शर्मिला ने नौ बर्डी बनाई जो पूरे सत्र में एक दिन सर्वाधिक बर्डी का नया रिकॉर्ड है। बेंगलुरु की इस पेशेवर गोल्फर ने पहले, चौथे, सातवें, आठवें, 11वें, 12वें, 13वें, 14वें और 16वें होल में बर्डी बनाई लेकिन इस बीच वह तीसरे, पांचवें, छठे और दसवें होल में बोगी भी कर गईं। उनके दो दौर का स्कोर 141 है। 
 
अमनदीप द्राल उनसे एक शाट पीछे हैं। उन्होंने दो अंडर 70 का कार्ड खेला और उनका कुल स्कोर 142 है। कल तक शीर्ष पर चल रहीं नेहा त्रिपाठी ने तीन ओवर 75 का कार्ड बनाया और वे तीसरे स्थान पर हैं। 
 
गुरसिमर बदवाल चौथे, स्मृति मेहरा पांचवें और दीक्षा डागर छठे स्थान पर हैं। हीरो आर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर काबिज वाणी कपूर का कुल स्कोर 152 है और वे सातवें स्थान पर हैं। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें