विश्व की सबसे शक्तिशाली महिला बनी चीन की गोंग

गुरुवार, 10 अगस्त 2017 (19:35 IST)
लंदन। चीन की लीजियाओ गोंग विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही दुनिया की सबसे शक्तिशाली महिला बन गई हैं। चीन ने 24 साल में पहली बार गोला फेंक में स्वर्णिम सफलता प्राप्त की है।
         
गोंग ने विश्व एथलेटिक्स में 19.94 मीटर तक गोला फेंक स्वर्ण पदक जीता। हंगरी की अनीता मार्टन ने 19.49 मीटर की थ्रो के साथ रजत पदक और अमेरिका की मिशेल कार्टर ने 19.14 मीटर की थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता। 
        
चीनी एथलीट इस स्पर्धा में एकमात्र ऐसी खिलाड़ी रहीं जिनकी पांच थ्रो 19 मीटर से अधिक रही। उनकी सिर्फ चौथी थ्रो फाउल रही। गोंग ने पहली थ्रो 19.16 मीटर, दूसरी 19.35, तीसरी 19.03, पांचवीं 19.94 और छठी थ्रो 19.89 मीटर फेंकी।  
         
मार्टन ने अपने छठे और आखिरी प्रयास में 19.49 मीटर की थ्रो फेंककर रजत पदक जीत लिया। कार्टर का तीसरा प्रयास 19.14 मीटर रहा था जिससे उन्हें कांस्य पदक मिला। कार्टर पांचवां प्रयास पूरा होने तक रजत की होड़ में बनी हुई थीं लेकिन मार्टन की आखिरी थ्रो ने उन्हें कांस्य पर धकेल दिया। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें