वीजा नहीं मिलने से भारत की भागीदारी खतरे में

शुक्रवार, 5 जून 2015 (16:54 IST)
नई दिल्ली। विश्व युवा तीरंदाजी चैंपियनशिप में भारत की भागीदारी खतरे में पड़ गई है चूंकि कोरियाई कोच चाए वोम लिम समेत 31 सदस्यीय टीम के 20 सदस्यों को यहां अमेरिकी दूतावास ने वीजा नहीं दिया है।
भारतीय टीम में अंडर-20 लड़के और लड़कियां हैं। जूनियर तीरंदाजों को शनिवार को अमेरिका रवाना होना है। वे 8 से 14 जून तक साउथ डाकोटा के यांकटोन में इस चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे।
 
अमेरिकी दूतावास ने सिर्फ 7 तीरंदाजों, 2 कोचों और भारतीय खेल प्राधिकरण के 1 अधिकारी को वीजा दिया जबकि 20 अन्य को वीजा देने से इंकार कर दिया। लिम के अलावा भारतीय कोचों मिम बहादुर गुरंग, चंद्रशेखर लागुरी, राम अवधेश और मालिशिए पिंकी को भी वीजा नहीं मिला।
 
भारतीय तीरंदाजी संघ के कोषाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बताया कि वीजा अधिकारी इन उम्मीदवारों के इंटरव्यू से संतुष्ट नहीं था और उसे शक था कि इनमें से कई टूर्नामेंट के बाद लौटेंगे ही नहीं। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें