वर्ष 2016 के ओलिम्पिक खेलों की मेजबानी हासिल करने की दौड़ में शिकागो के दावे को मजबूत करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अंतररराष्ट्रीय ओलिम्पिक समिति का अपने गृहनगर में स्वागत किया।
ओबामा ने ओलिम्पिक समिति के निरीक्षण दल के विंडी सिटी दौरे के मौके पर एक वीडियो संबोधन में कहा शिकागो अमेरिका के शहरों में सबसे अलग शहर है। इस शहर में हर धर्म, वर्ग और राष्ट्रीयताओं के लोग बसते हैं। इस शहर में हमारी संस्कृति और सभ्यता की झलक दिखाई देती है।
ओलिम्पिक समिति अधिकारियों के साथ बैठक कर रही है और उसके सदस्य आगामी दिनों में 2016 के ओलिम्पिक खेलों की मेजबानी के प्रस्तावित स्थलों टोक्यो, मैड्रिड और रियो द जेनेरियो का दौरा भी करेंगे।
इस मामले से जुड़ी एक वेबसाइट गेम्सबिड डॉट कॉम के अनुसार शिकागो पहले इस दौड़ में सबसे आगे चल रहा था पर अभी खिसककर वह चौथे स्थान पर पहुँच गया है।
आयोजक ओबामा की लोकप्रियता को भुनाने की सोच रहे हैं और इसीलिए जानबूझकर 2016 के ओलिम्पिक खेलों की मेजबानी के लिए उन्होंने शिकागो शहर का नाम सामने रखा है।