अलसुबह तक जश्न में डूबे रहे धोनी के धुरंधर

बुधवार, 5 मार्च 2008 (22:42 IST)
ऑस्ट्रेलिया को उसी की माँद में खदेड़ने वाली 'टीम इंडिया' पर इस जीत का खुमार सुबह तक छाया रहा और इस लंबे दौरे के आखिरी दिन खिलाड़ी जश्न मनाने में मसरूफ रहे। अब उन्हें इंतजार है स्वदेश लौटने का जहाँ क्रिकेट प्रेमी पलक पावड़े बिछाकर उनकी बाट जोह रहे हैं।

टीम मैनेजर डॉक्टर विमल सोनी ने टीम की रवानगी से कुछ घंटे पहले कहा यह दिन काफी व्यस्त था। खिलाड़ी मैदान से काफी देर से लौटे और होटल के बार में सुबह तक जश्न चलता रहा।

सोनी और भारतीय टीम स्वदेश में व्यस्त कार्यक्रमों के लिए खुद को तैयार करने में भी जुटे हैं। टीम सुबह साढे़ दस बजे मुंबई पहुँचेगी और चार्टर्ड विमान से दिल्ली रवाना हो जाएगी। वहाँ फिरोजशाह कोटला मैदान पर 3 से 6 बजे तक उसका अभिनंदन समारोह होगा।

सोनी ने कहा पिछली रात हम काफी देर से अपने कमरों में लौटे। उसके बाद दोपहर में मुंबई के लिए उड़ान लेनी थी। कप्तान महेंद्रसिंह धोनी की अपने परिवार के साथ कुछ दिन बिताने की इच्छा पूरी होती नजर नहीं आ रही। धोनी ने कहा मैने लंबे समय से बाइक नहीं चलाई है।

उन्होंने कहा यदि श्रृंखला आखिरी मैच तक चलती तो हम नौ मार्च को रवाना होते और हमारे पास समय ही नहीं बचता। हमें आराम की जरूरत है। यदि आप ब्रेक नहीं लेते तो भगवान आपको ब्रेक दे देते हैं। वैसे धोनी के धुरंधरों को अपने लिये समय मिल पाना मुश्किल ही लग रहा है। उनके सम्मान समारोहों की झड़ी जो लगने वाली है।

जश्न में डूबे कुछ भारतीय क्रिकेटरों ने रोमांचक फाइनल मुकाबले के बारे में भी बात की। हरफनमौला इरफान पठान ने आखिरी ओवर का जिक्र किया जो उन्होंने फेंका था। उन्होंने कहा माही ने पहली दो गेंद के बाद मुझसे कहा कि चिंता मत करो। तुम इतने बुरे गेंदबाज नहीं हो कि तीन गेंद पर तुम्हें तीन चौके पड़ जाएँगे।

उन्होंने कहा इससे मुझे मनोबल मिला। मैंने उस मैच में फालतू रन दिये लेकिन इसका कारण मेरी खराब गेंदबाजी नहीं थी। कुछ ओवरथ्रो और कुछ चौकों के कारण रन बने। मेरी लय अच्छी थी और मैं गेंद को स्विंग भी करा रहा था। रॉबिन उथप्पा ने दावा किया कि आने वाले कुछ साल भारतीय क्रिकेट के लिए सर्वश्रेष्ठ होंगे।

उन्होंने कहा मैं घर पर एक मैच देख रहा था और मैंने रिकी पोंटिंग को यह कहते सुना कि ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत को वनडे में भी 4-0 से हराएगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। उथप्पा ने कहा यह एक अच्छी युवा टीम है और मैदान पर इसका जोश देखते ही बनता है।

वेबदुनिया पर पढ़ें