बिग बॉस 9 : कौन बनेगा विजेता?

बिग बॉस का सीजन 9 इस रियलिटी शो का सबसे फ्लॉप सीज़न रहा, जो अब समाप्ति की ओर है। लोकप्रिय न होने का सबसे बड़ा कारण शो का ऑड टाइम रहा। सलमान वाले एपिसोड जल्दी प्रसारित होते हैं, इसलिए इसकी टीआरपी अच्छी होती है। लेकिन ऑड टाइम पर सारा दोष मढ़ना ठीक नहीं है। शो में ऐसा कोई प्रतियोगी नजर नहीं आया जो भीड़ खींच सके। नए चेहरों को भी अपनी पहचान बनाने का पर्याप्त अवसर मिलता है, लेकिन सारे प्रतिभागी औसत रहे और मिले अवसर को भुना नहीं सके। सीजन 9 का विजेता कुछ दिनों बाद घोषित होने वाला है। अंतिम चार फाइनलिस्ट हैं, मंदना करीमी, प्रिंस नरुला, ऋ‍षभ सिन्हा और रॉशेल राव। देखें किसमें कितना दम है... 
 
मंदना करीमी 
तेहरान (ईरान) में जन्मी मंदना करीमी ईरानी पिता और भारतीय मां की संतान है। एअरहोस्टेस का करियर छोड़ कर वे मॉडलिंग और फिल्मों में करियर बनाने भारत आईं। बिग बॉस में उन्हें बेहतरीन अवसर मिल गया है। एक विदेशी होने के बावजूद वे शो के अंतिम दौर में पहुंची, ये उनकी लोकप्रियता और काबिलियत का सबूत है। इस शो को जीतने की सबसे तगड़ी दावेदार हैं। रॉशेल भारतीय होने के बावजूद इतनी अच्छी हिंदी नहीं बोल पाती, जितना मंदना बोलती हैं। शो में दाखिल होते समय गेम खेलने के उनके इरादे स्पष्ट थे। शो में उन्होंने न कोई दोस्त बनाया और न भाई-बहन। अपने हिसाब से वे खेलीं। लड़ी। विवाद किया। अलग-थलग हुईं, लेकिन कभी हिम्मत नहीं हारी। उनकी इसी खासियत ने उन्हें यहां तक पहुंचाया। आश्यर्च की बात नहीं है कि यह ईरानी लड़की विजेता बन जाए। 

प्रिंस नरुला 
25 वर्षीय प्रिंस नरुला दो रियलिटी शो, एमटीवी रोडिज़ एक्स 2 और एमटीवी स्पिलिज़विला 8 जीत चुके हैं। शो के शुरुआत में उन्होंने अलग ही रूख अपनाया था, लेकिन धीरे-धीरे वे सुयश और किश्वर के साये बन गए। दिल के साफ हैं और लड़ने-भिड़ने से नहीं डरते। इस शो में उनके स्वभाव में उतार-चढ़ाव आता रहा। दर्शकों का वे मनोरंजन करते रहे। युवाओं में लोकप्रिय हैं और बिग बॉस शो में विजेता बनने के उनके अच्छे अवसर हैं। 

ऋषभ सिन्हा 
वाइल्ड कार्ड के तौर पर 22वें दिन उन्होंने शो में एंट्री ली। लगा नहीं था कि वे अंतिम दौर तक पहुंच जाएंगे। ट्यूबलाइट उनको कहा जाता है क्योंकि उनके दिमाग की बत्ती देर से जलती है। वे किसी ग्रुप का हिस्सा नहीं बने और अपने तरीके से दर्शकों का मनोरंजन करते रहे। हर मुद्दे पर उनकी राय जुदा होती है और इसी कारण वे दर्शकों के चहेते बने। वे डार्क हॉर्स हैं और कमाल दिखा सकते हैं। 

रॉशेल राव
खतरों के खिलाड़ी और  झलक दिखला जा जैसे शो में नजर आ चुकी रॉशेल राव पहले दिन से ही दर्शकों को भा गई। टूटी-फूटी हिंदी बोलने वाली रॉशेल अपने प्रेमी कीथ के साथ इस शो में दिखाई दीं। वे अच्‍छी इंसान हैं, इसकी झलक उन्होंने शो में दिखाई। लड़ाई-झगड़े से दूर रहने वाली रॉशेल में शो जीतने की प्रतिबद्धता हमेशा नजर आईं। क्या ट्रॉफी उनके हाथों होगी? जवाब मिलने में कुछ दिन बाकी हैं। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें