बिग बॉस को झटका, नहीं आएगी किम करदाशियां...

मुंबई। अमेरिकी रियलिटी टीवी स्टार किम करदाशियां के प्रस्तावित भारत दौरे के रद्द होने की खबर है। इसका कारण वीजा संबंधी मुद्दों को बताया गया है।
 
‘कीपिंग अप विथ द करदाशियांस’ नामक टीवी शो की स्टार किम मुंबई में अपने नए परफ्यूम को लांच करने तथा रियलिटी शो ‘बिग बॉस-8’ में एक विशेष उपस्थिति के लिए भारत आने वाली थीं।
 
किम के भारत दौरे का आयोजन कर रही कंपनी के एक सूत्र ने बताया, 'वीजा को लेकर कुछ मुद्दे हैं। वह इन दिनों सफर पर हैं इसलिए अमेरिका में वीजा आवेदन से जुड़ी कुछ औपचारिकताओं को पूरा नहीं कर सकीं।'
 
सूत्र ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है लेकिन किम भारत में अपने प्रशंसकों के लिए जल्द आना चाहती हैं। रैपर कायने वेस्ट की पत्नी किम ने बीते रविवार को ट्विटर के जरिए अपने भारत दौरे के बारे में ऐलान किया था।
 
किम ने कहा था, 'अभी आस्ट्रेलिया पहुंची हूं। नए परफ्यूम ‘फ्लेयोर फैटल’ के लिए मेरा विश्व दौरा शुरू हुआ है। अगला पड़ाव भारत है और फिर दुबई। यह सब सिर्फ एक सप्ताह में हो रहा हैं।' भारत दौरे के रद्द होने की खबर के संदर्भ में किम की ओर से फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं आई है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें