नच बलिए में शिल्पा शेट्टी की जगह प्रियंका चोपड़ा

मशहूर रियलिटी शो 'नच बलिए' में जज की भूमिका में शिल्पा शेट्टी नजर आती रही हैं। इस पॉपुलर डांस के शो के निर्माताओं को लगता है कि शिल्पा शेट्टी की जगह किसी नामी अभिनेत्री को लिया जाना चाहिए। उनकी नजर में शिल्पा अब गुजरे जमाने की अभिनेत्री हो गई हैं। 
सूत्रों के मुताबिक शिल्पा की जगह सबसे पहला नाम प्रियंका चोपड़ा का आया। उन्हें शो में जज बनने का ऑफर दिया गया। प्रियंका इस समय बेहद व्यस्त हैं। उनका एक पैर अमेरिका में तो दूसरा ‍भारत में है। फिर भी वे शो के प्रस्ताव पर गौर कर रही हैं। 
 
शो के निर्माताओं का कहना है कि वे प्रियंका का सप्ताह में मात्र एक ही दिन चाहते हैं। प्रियंका के लिए इतना समय देना भी संभव नहीं है, लेकिन वे कोशिश में लगी हुई हैं कि किसी तरह इस शो का हिस्सा बन जाए। शो के एक और जज अनुराग बसु भी हैं जिन्होंने प्रियंका के साथ 'बर्फी' जैसी हिट फिल्म बनाई थी। सुनने में आया है कि प्रियंका को मनाने का जिम्मा अनुराग को दिया गया है। 

वेबदुनिया पर पढ़ें