डिस्कवरी पर प्रसारित होगी ‘शेरपा’

गुरुवार, 7 अप्रैल 2016 (08:48 IST)
नई दिल्ली। एवरेस्ट की चोटी पर अप्रैल 2014 में आए भीषण हिमस्खलन की दिल दहला देने वाली घटना पर आधारित फिल्म ‘शेरपा’ का जल्द ही डिस्कवरी चैनल पर प्रसारण होगा और भारत में इसका प्रसारण 18 अप्रैल को होगा।
एक विज्ञप्ति के अनुसार, 69वें ब्रिटिश एकेडमी फिल्म अवार्डस में नामित 'शेरपा' इस हिमस्खलन का बहादुरी से सामना करते हुए अपनी जान गंवाने वाले 16 शेरपाओं की दास्तान है।
 
इसके अनुसार, 'शेरपा' से ऑस्ट्रेलियाई फिल्मकार जेनिफर पीडॉम ने अपनी निर्देशकीय पारी की शुरुआत की, जिसमें उन्होंने एवरेस्ट पर्वत के इतिहास में अब तक की इस सबसे वीभत्स त्रासदी की दिल दहला देने वाली दास्तान को दिखाने की कोशिश की है।
 
शेरपा के नाम से मशहूर नेपाली गाइडों को समर्पित दो घंटा लंबा यह कार्यक्रम त्रासदी वाले दिन यानी 18 अप्रैल को प्रसारित होगा और फिल्म को भारत के अलावा 220 से अधिक देशों और प्रदेशों में भी प्रसारित किया जाएगा।
 
फिल्म में पहली बार लाइव रिकॉर्डिंग, गाइडों की आपसी बातचीत, उनके परिवारों और आपदा के दौरान चढ़ाई की तैयारी में जुटे लोगों की आवाज ली गई है।'शेरपा' को बाफ्टा पुरस्कार के सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री वर्ग में नामित किया गया था। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें