टोक्यो ओलंपिक पर Covid-19 संकट, 2 और खिलाड़ी कोरोना संक्रमित

रविवार, 18 जुलाई 2021 (08:59 IST)
टोक्यो। दुनियाभर में बढ़ते कोरोना संकट के बीच टोक्यो ओलंपिक पर भी महामारी का संकट नजर आ रहा है। 23 जुलाई से खेलों का आगाज होना है और इससे पहले टोक्यो ओलंपिक विलेज में कोरोना संक्रमण के मामले से सभी की चिंता बढ़ गई है।
 
रविवार को खेल गांव में 2 एथलिट कोरोना संक्रमित पाए गए। हालांकि संक्रमित एथलिटों के नामों का खुलासा नहीं किया गया है। इससे पहले शनिवार को भी एक एथलीट कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। 3 दिन पहले जापान में मौजूद एक खिलाड़ी और 5 कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए थे।

आयोजन समिति ने यहां कोविड-19 के पॉजिटिव मामलों की जो सूची जारी की है उसके अनुसार दिन में कुल 10 मामले सामने आए। इनमें खेलों से संबंधित पांच व्यक्ति, एक ठेकेदार और एक पत्रकार भी शामिल है। समिति के रिकार्ड के अनुसार खेलों से जुड़े कोविड मामलों की संख्या अब 55 पर पहुंच गए है।
 
आयोजकों ने यह नहीं बताया है कि दोनों संक्रमित खिलाड़ियों को खेल गांव में ही रखा गया है या उन्हें किसी अन्य स्थान पर पृथकवास पर भेजा गया है।

टोक्यो पहुंचा भारतीय जत्था : इस बीच भारतीय खिलाड़ियों का पहला जत्था भारत से शनिवार को रवाना हुआ और आज सुबह टोक्यो पहुंचा। भारत के 90 सदस्यीय दल में तीरंदाज, महिला और पुरुष हॉकी टीम, टेबल टेनिस खिलाड़ी और तैराक भी शामिल हैं। निशानेबाज और मुक्केबाज भी क्रोएशिया और इटली में अपने अभ्यास स्थलों से टोक्यो पहुंच चुके हैं।
 
ओलंपिक खेल 23 जुलाई से शुरू होंगे लेकिन इन्हें खाली स्टेडियमों में ही आयोजित किया जाएगा क्योंकि जापान की राजधानी में लगातार वायरस के मामले बढ़ रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में यहां प्रतिदिन 1000 से अधिक मामले दर्ज किए जा रहे हैं।
 
दुनिया में लगातार तेजी से बढ़ रहे कोरोना मामलों को देखते हुए यह भी आशंका जताई जा रही है कि कही ओलंपिक भी कोरोना का सुपर स्प्रेडर नहीं बन जाए।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी