Tokyo Olympics: भारतीय महिला हॉकी टीम ने आयरलैंड को 1-0 हराया, लगातार तीन हार के बाद मिली पहली जीत

शुक्रवार, 30 जुलाई 2021 (11:09 IST)
भारतीय महिला हॉकी टीम ने आख़िरकार अपना जीत का खाता खोल दिया है। टोक्यो ओलंपिक की महिला हॉकी स्पर्धा के पूल ए में आज भारत का सामना आयरलैंड से हुआ, जिसे टीम इंडिया ने 1-0 से जीतकर अपने नाम किया। टोक्यो 2020 में यह भारतीय महिला हॉकी टीम की पहली जीत भी रही।

भारतीय टीम की ओर से मुकाबले में एकमात्र गोल नवनीत कौर ने 57वें मिनट में किया। आयरलैंड के खिलाफ मिली जीत के साथ ही भारतीय महिला हॉकी टीम की क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने की उम्मीद अभी भी कायम है।

इस मैच में मिली जीत से पहले भारतीय महिला हॉकी टीम को नीदरलैंड ने 1-5, जर्मनी ने 0-2 और ग्रेट ब्रिटेन ने 1-4 के बड़े अंतर से हराया था। खैज, आज ऐसा देखने को नहीं मिला और आख़िरकार सफलता ने महिला हॉकी टीम के कदम चूमे।

मैच के पहले हाफ तक दोनों टीमें एक भी गोल करने में कामयाब नहीं हो सकती थी। मैच में जब आखिरी के 3  मिनट बचे थे तो भारत के लिए यह गोल कप्तान रानी रामपाल और नवनीत कौर की जुगलबंदी से हुआ। रानी रामपाल ने नवनीत को पास दिया जिस पर उन्होंने गोल दागकर टीम को विजय दिलाई। वैसे बता दें कि, मुकाबले में भारत ने आयरलैंड के खिलाफ 14 पेनाल्टी कॉर्नर गंवाए।

महिला हॉकी टीम का अगला सामना अब 31 जुलाई को दक्षिण अफ्रीका से होगा। अब भारतीय महिला हॉकी टीम को क्वार्टर फाइनल का टिकेट कटाना हो तो शनिवार को साउथ अफ्रीका को धूल चटानी होगी। साथ ही ये दुआ भी करनी होगी कि आयरलैंड अपना आखिरी ग्रुप मैच हार जाए। अगर ऐसा हुआ तो महिला हॉकी टीम नॉकआउट में जगह बना लेगी।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी