मप्र के पर्यटन स्थल बढ़ाएंगे रोजगार के अवसर

ND

पूरा मध्यप्रदेश ऐतिहासिक धरोहरों से भरपूर है। भोपाल में ही लगभग एक हजार स्थान ऐसे हैं जो पर्यटन स्थल बनाए जा सकते हैं। अगर पर्यटन स्थलों का विकास होगा तो रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। यह बात श्रम विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. पुखराज मारू ने कही।

वे भोपाल स्थित नूतन कॉलेज में आयोजित दो दिनी राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी के समापन सत्र को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ने कहा कि संगोष्ठी का विषय बहुत ही सामायिक है। पर्यटन का हमारी अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान है केरल और राजस्थान जैसे प्रदेशों ने पर्यटन के कारण ही विश्व भर में एक अलग पहचान बनाई है।

ND
मध्यप्रदेश में ऐतिहासिक पर्यटन और रोजगार की संभावनाएं विषय पर हुई संगोष्ठी में मुख्य वक्ता डॉ. रहमान अली ने कहा कि पर्यटन के कारण यदि विकास हो रहा है तो कुछ नुकसान भी हो रहा है। हमें विश्व स्तर पर प्रसिद्ध अपनी सभी धरोहरों को सुरक्षित रखने के प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. केके चक्रवर्ती उपस्थित थे। अध्यक्षता कर रहे पुरातत्व विभाग के आयुक्त तथा पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक पंकज राग ने पर्यटन की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए कहा कि पर्यटक को अधिक समय तक रोकना हमारी आर्थिक स्थिति को मजबूत करता है। संगोष्ठी में कई शोधपत्र भी पढ़े गए। इसका संचालन डॉ. ममता चंसौरिया ने किया।

वेबदुनिया पर पढ़ें