अकबर का किला पर्यटकों के लिए खुला

FILE

उत्तरप्रदेश के इलाहाबाद में गंगा और यमुना के किनारे स्थित अब तक कौतुहल का विषय रहा अकबर का किला महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं तथा देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए सेना ने खोल दिया है।

किला सेना के अधीन है लिहाजा इसमें आम लोगों के आने जाने पर प्रतिबंध लगा है लेकिन इस बार महाकुंभ के मौके पर सेना ने इसे श्रद्धालुओं तथा देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए खोल दिया है। अब आम लोग किले में बने अक्षयवट, पातालपुरी तथा सरस्वती कूप तक बिना रोक-टोक के जा सकते हैं।

आम लोगों के लिए इसे खोले जाने के पहले सेना के मध्य कमान के लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चैत ने सुरक्षा का पूरा जायजा लिया। सेना ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ख्याल रखा है।

लोगों की उत्सुकता इसमें बनी सुरंग को लेकर हमेशा से रही है। इस सुरंग का जिक्र धर्म ग्रंथों में भी मिलता है। सेना से किले में प्रवेश के लिए पांच मंजिला अस्थायी पुल बनाया है। पुल सिर्फ बीस दिन में बन कर तैयार हुआ है।

अक्षयवट के पूजन और दर्शन के बाद बाहर आने का रास्ता इस सुरंग से होकर बनाया गया है। सुरंग के अंधकार को दूर करने के लिए रोशनी की व्यवस्था की गई है। किले में आने-जाने वाले सभी लोग सेना की निगरानी में रहेंगे और सभी पर जवानों की नजर रहेगी

जगह-जगह मेटल डिटेक्टर और क्लोज सर्किट कैमरे लगाए गए हैं। किले में आने वालों के लिए एक अस्थायी कैंटिन भी बनाया गया है, जहां लजीज और पौष्टिक खाना दिया जाएगा। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें