Commercial gas cylinder : दशहरे से एक दिन पहले तेल कंपनियों कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर लोगों को झटका दिया है। 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर आज से 15.50 रुपए महंगा हो गया है। 6 माह बाद कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं।
दिल्ली में इसकी कीमत अब 1595.50 रुपए हो गई है। हालांकि घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 853 रुपए बनी हुई है।
कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर अब 1700.50 रुपए में मिलेगा तो मुंबई और चेन्नई में इसकी कीमतें क्रमश: 1547 रुपए और 1754.50 रुपए हो गई है।
गौरतलब है कि नीले रंग वाले 19 किलो वाले सिलेंडर का इस्तेमाल होटल, रेस्टोरेंट्स और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में होता है। इसके दाम बढ़ने से बाहर खाना-पीना महंगा हो सकता है।
तेल कंपनियां हर माह की पहली तारीख को गैस सिलेंडर के दाम तय करती है। व्यावसायिक गैस सिलेंडर के नाम हर महीने बदलते हैं। हालांकि घरेलू सिलेंडर के दाम आखिरी बार अप्रैल में बदले थे।