MahaShivratri Ayodhya : अयोध्या में महाशिवरात्रि के अवसर पर 'बम-बम भोले' के जयकारों से गूंज सुनाई दे रही है, रामनगरी में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है, जिसके चलते पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
महाशिवरात्रि हिंदू धर्म का एक प्रमुख उत्सव है, जिसे भगवान शिव और माता पार्वती के पावन विवाहोत्सव के रूप में मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन व्रत, रात्रि जागरण और शिवलिंग पर जलाभिषेक करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है तथा मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। शिवभक्त उपवास रखकर 'ॐ नमः शिवाय' का जप करते हुए आध्यात्मिक साधना में लीन रहते हैं। महाशिवरात्रि पर शिवभक्त पवित्र नदियों का जल भरकर कांवड़ उठाते है और अपने आराध्य को अर्पित करते हुए शिव के सामने नतमस्तक होते हैं।
अयोध्या में भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। शहर को जोन और सेक्टर में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की गई। बैरियर लगाकर श्रद्धालुओं को टोली के हिसाब से मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था सही बनी रही और श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण तरीकें से अपने आराध्य का पूजा-अर्चन करके पुण्य लाभ ले सकें।